अफसर की नवाबी देख भड़के ज्योतिरादित्य सिंधिया, BSNL के 'बंजल साहब' पर गिरेगी गाज, प्रोटोकॉल के नाम पर मांगे थे नए अंडरवियर और कंघा-शीशा

Vivek Banzal BSNL Director : बीएसएनएल के बड़े साहब के दौरे पर अंडरवियर, साबुन और तेल जैसे निजी सामानों के इंतजाम की ड्यूटी लगाने वाले दो बड़े अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की गई है. सोशल मीडिया पर शाही प्रोटोकॉल का चार्ट वायरल होने और विभाग की भारी किरकिरी होने के बाद, केंद्र सरकार ने प्रयागराज के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर बृजेंद्र कुमार सिंह और डीजीएम जागेश्वर वर्मा का तबादला कर उन्हें दूर भेज दिया है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घटना को चौंकाने वाला और अमर्यादित बताते हुए संबंधित डायरेक्टर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

Update: 2026-02-25 11:18 GMT

अफसर की नवाबी देख भड़के ज्योतिरादित्य सिंधिया, BSNL के 'बंजल साहब' पर गिरेगी गाज, प्रोटोकॉल के नाम पर मांगे थे नए अंडरवियर और कंघा-शीशा

Vivek Banzal BSNL Director : प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीएसएनएल के एक बड़े अधिकारी के स्वागत में शाही इंतजाम का आदेश जारी करना दो वरिष्ठ अफसरों को भारी पड़ गया है. केंद्र सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज बिजनेस एरिया के प्रिंसिपल जनरल मैनेजर बृजेंद्र कुमार सिंह और डीजीएम जागेश्वर वर्मा का तबादला कर दिया है. जीएम को सीधा आंध्र प्रदेश भेजा गया है, जबकि डीजीएम का ट्रांसफर नॉर्थ सर्कल में कर दिया गया है.

अंडरवियर और साबुन-तेल की ड्यूटी से मचा बवाल

यह पूरा विवाद बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे को लेकर शुरू हुआ. उनके स्वागत के लिए दफ्तर से एक आधिकारिक प्रोटोकॉल चार्ट जारी किया गया था. इस चार्ट में करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की फौज तैनात की गई थी. हद तो तब हो गई जब अधिकारियों की ड्यूटी सिर्फ लंच या डिनर तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके लिए तौलिया, साबुन, तेल, कंघी और यहां तक कि अंडरवियर तक खरीदने की जिम्मेदारी तय कर दी गई.

आदेश में बाकायदा किट का जिक्र था, जिसमें चिप्स, चॉकलेट, जूस और पानी के साथ-साथ व्यक्तिगत इस्तेमाल के सामानों की लिस्ट दी गई थी। जैसे ही यह शाही फरमान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, विभाग की भारी किरकिरी शुरू हो गई. लोग सवाल उठाने लगे कि क्या सरकारी अफसरों का काम अब साहबों के अंतःवस्त्रों का इंतजाम करना रह गया है.

मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताई नाराजगी

इस मामले की गूंज दिल्ली तक पहुंची. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे चौंकाने वाला और अस्वीकार्य बताया. उन्होंने साफ कहा कि यह मौजूदा नियमों और सरकारी परंपराओं का खुला उल्लंघन है. सिंधिया के निर्देश पर ही डायरेक्टर विवेक बंसल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है.

किरकिरी होते ही बदला गया था आदेश

सोशल मीडिया पर मजाक उड़ने और आलोचना होने के बाद विभाग ने आनन-फानन में पुराना आदेश रद्द कर दिया था. नए नोटिस में कहा गया कि पुराने किसी भी निर्देश को प्रभावी न माना जाए. लेकिन तब तक काफी लेट हो चूका था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इन दोनों बड़े अफसरों पर गाज गिरी है. बृजेंद्र कुमार सिंह को श्रीकाकुलम भेज दिया गया है, जिसे एक तरह से सजा के तौर पर देखा जा रहा है. प्रयागराज की इस घटना ने सरकारी महकमों में साहब संस्कृति और जी-हजुरी की पराकाष्ठा को उजागर कर दिया है, जिस पर अब मंत्रालय ने लगाम कसनी शुरू कर दिया हैं.

कौन हैं BSNL के बड़े साहब 

विवेक बंजल BSNL बोर्ड के एक बहुत बड़े अधिकारी हैं, जो डायरेक्टर के ऊंचे पद पर बैठे हैं. आसान भाषा में समझें तो पूरे देश में बीएसएनएल के लैंडलाइन, इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवा का सारा काम-काज उन्हीं की देखरेख में होता है. वे विभाग के उन मुख्य अफसरों में से एक हैं जो बड़ी नीतियां बनाते हैं.

अभी हाल ही में उनका नाम तब चर्चा में आया जब उनके प्रयागराज दौरे के लिए नीचे के अफसरों ने जरूरत से ज्यादा जी-हजुरी दिखा दी. अफसरों ने उनके स्वागत में अंडरवियर और साबुन-तेल तक लाने की ड्यूटी लगा दी थी. हालांकि यह इंतजाम नीचे के अधिकारियों ने किए थे, लेकिन इस शाही खातिरदारी के चक्कर में खुद बड़े साहब को भी केंद्रीय मंत्री की नाराजगी झेलनी पड़ी और अब उन्हें इस मामले में जवाब देना होगा.

Tags:    

Similar News