बुलंदशहर : कांग्रेस नेता पूनम पंडित पर घर में घुसकर हमला, सिर पर तमंचा रख दी जान से मारने की धमकी
Poonam Pandit Attack News : बुलंदशहर में कांग्रेस की धाकड़ नेत्री पूनम पंडित पर उनके ही पड़ोसियों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया, भाई के साथ मिलकर उनके सिर पर तमंचा तान दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. वारदात के बाद आरोपी मंदिर के बक्से से 12 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए, पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
बुलंदशहर : कांग्रेस नेता पूनम पंडित पर घर में घुसकर हमला, सिर पर तमंचा रख दी जान से मारने की धमकी
Poonam Pandit Attack News : बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कांग्रेस की धाकड़ नेता और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव पूनम पंडित पर उनके ही पड़ोसियों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. इंसानियत दिखाते हुए जिस शराबी पड़ोसी को पूनम पंडित ने सड़क से उठाकर सुरक्षित घर पहुंचाया था, अगले ही दिन उसी ने अपने भाई के साथ मिलकर उनके सिर पर तमंचा तान दिया और मारपीट की. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मदद बनी जी का जंजाल
पूनम पंडित ने पुलिस को बताया कि घटना 24 फरवरी की रात की है, जब वह अपने चाचा के साथ दनकौर में एक शादी समारोह से लौट रही थीं. गांव के मोड़ पर उन्हें अपना पड़ोसी राजीव नशे की हालत में सड़क पर पड़ा मिला. पूनम ने उसे पहचाना और मानवता के नाते उसे सहारा देकर अपने घर ले आईं, उसे खाना खिलाया और फिर सही-सलामत उसके घर तक छुड़वा दिया. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह नेकदिली उनके लिए मुसीबत बन जाएगी.
सुबह घर में घुसकर किया तांडव
अगली सुबह यानी 25 फरवरी को राजीव अपने भाई संजीव के साथ पूनम के घर धमक पड़ा. आरोपियों ने इल्जाम लगाया कि राजीव की सोने की चेन गायब है. जब पूनम ने इससे इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि संजीव ने अवैध तमंचा निकालकर पूनम के सिर पर सटा दिया, जबकि राजीव ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. घर में मौजूद पूनम की बुजुर्ग मां और गर्भवती भाभी ने जब चीख-पुकार मचाई, तब जाकर हमलावर पीछे हटे. भागते समय आरोपी मंदिर के गल्ले में रखे 12 हजार रुपये भी लूट ले गए.
पुरानी रंजिश और गंभीर धमकियां
पूनम पंडित का कहना है कि यह हमला सिर्फ चेन के बहाने किया गया, जबकि असली वजह पुरानी रंजिश है. उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों ने आरोपियों के परिवार को किसी पुराने मामले में सजा दिलाई थी, जिसका बदला वो अब लेना चाहते हैं. आरोपियों ने उन्हें गांव में निर्वस्त्र घुमाने और गोली मारने की धमकी भी दी, जिसका ऑडियो रिकॉर्ड कर पूनम ने पुलिस को सौंप दिया है.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि सिकंदराबाद कोतवाली में दोनों भाइयों के खिलाफ लूट, मारपीट और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है. पूनम पंडित, जो 2022 में स्याना विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं, उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
कौन हैं पूनम पंडित
पूनम पंडित उत्तर प्रदेश की एक तेज-तर्रार युवा नेता और किसान आंदोलन से उभरा हुआ एक जाना-माना चेहरा हैं. बुलंदशहर की रहने वाली पूनम पहले एक अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी थीं, लेकिन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन में अपनी बेबाक बयानबाजी और बेबाक अंदाज़ के कारण वह रातों-रात पूरे देश में मशहूर हो गईं. उनकी इसी लोकप्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए कांग्रेस ने उन्हें पार्टी में शामिल किया और साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बुलंदशहर की स्याना सीट से अपना उम्मीदवार बनाया. वर्तमान में वह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव के पद पर कार्य कर रही हैं और अपनी बेखौफ छवि के लिए जानी जाती हैं.