भैंस के लिए इंसान का मर्डर: 4 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला, फिर गड्ढा खोदकर गाड़ दी लाश, सामने आई चौकाने वाली वजह
Baghpat Murder Case: भैंस चोरी के आरोप में 4 लोगों ने मिलकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
बागपत 24 मार्च 2026, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 4 लोगों ने मिलकर भैस चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर उसकी लाश को गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। 19 दिन बाद पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सोमवार को 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना दोघट थाना क्षेत्र की है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान संजय उर्फ संजू (40) के रूप में हुई है, जो दाहा गांव का रहने वाला था और निरपुड़ा गांव में सचिन के खेत में गन्ना छिलाई का काम करता था। संजय के भाई अरविंद उर्फ बिल्लू शर्मा ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस दौरान उसने पुलिस को बताया था कि उसका भाई संजू होली के बाद से लापता है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
इस बारे में जब संजू के परिजनों ने सचिन से पूछताछ की तो वह झगड़े पर उतारु हो गया, जिसके बाद परिजनों ने शक के आधार पर आस पड़ोस में पूछताछ की तो पता चला कि सचिन ने अपने 4-5 दोस्तों के साथ मिलकर संजू के साथ मारपीट की थी। इसके बाद परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी।
कब और क्यों की हत्या ?
शिकायत के बाद पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरु की और सचिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि होली के दिन सचिन का भैस खेत से गायब हो गया था, जिसके बाद उसने संजू पर चोरी का आरोप लगाते हुए अपने दोस्त आकाश, अजित और शुभम के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं घटना के कुछ ही देर बाद सचिन का भैस दूसरे खेत में चरता हुआ मिल गया।
कैसे लगाया लाश को ठिकाने ?
इसके बाद आरोपियों ने संजू की लाश को ठिकाने लगाने की प्लानिंग की। प्लानिंग के तहत सभी ने मिलकर गन्ने के खेत में ही एक गड्ढा खोदा और उस गड्ढे में संजू की लाश को गाड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने सोमवार को शव को गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सचिन, आकाश, अजित के साथ शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हत्या पर कौन सी धारा लगती है ?
भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को मृत्यूदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।