क्राइम न्यूज़: मुजफ्फरनगर में बेटियों ने क्यों किया पिता का मर्डर? रोंगटे खड़े कर देगी कत्ल की ये वजह
Muzaffarnagar Horror : घर बैठी हो, शादी भी नहीं हो रही तुम्हारी पिता के कड़वे तानों से तंग आकर दो सगी बहनों ने अपने ही खून से हाथ रंग लिए. मोरना कस्बे में बेटियों ने सो रहे 60 वर्षीय पिता रामप्रसाद की गला रेतकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़े व हथियार भूसे के ढेर में छिपा दिए. पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है.
घर बैठी हो, शादी नहीं हो रही तुम्हारी... मुजफ्फरनगर में पिता के ताने ने बेटियों को बनाया कातिल, सोते वक्त रेत दिया गला...
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहा भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे में दो सगी बहनों ने मिलकर अपने ही 60 वर्षीय पिता राम प्रसाद की गला रेतकर हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की वजह कोई संपत्ति विवाद नहीं, बल्कि पिता द्वारा शादी न होने और घर पर खाली बैठने को लेकर दिए जाने वाले ताने बने. पुलिस ने वारदात के महज 3 घंटे के भीतर दोनों आरोपी बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है.
शादी न होने और समाज में बदनामी का देते थे ताना
मृतक राम प्रसाद पेशे से एक दलित किसान थे. परिवार में पत्नी के अलावा 4 बेटियां और 2 बेटे हैं. बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय बड़ी बेटी कोमल की अभी तक शादी नहीं हुई थी, जबकि छोटी बेटी अभी इंटर की पढ़ाई कर रही है. पूछताछ में बेटियों ने पुलिस को बताया कि पिता उन्हें बोझ समझते थे और आए दिन ताना मारते थे. वह अक्सर कहते थे कि घर पर खाली बैठी हो, शादी भी नहीं हो रही, तुम्हारी वजह से समाज में हमारी बदनामी हो रही है. पिता की यह टोका-टाकी और बेटे-बेटी के बीच का भेदभाव बेटियों के मन में नफरत की आग सुलगा रहा था.
दो दिनों से बना रही थीं मौत का प्लान
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दोनों बहनें पिछले दो दिनों से पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रच रही थीं. रविवार की रात भी पिता और बेटियों के बीच इसी बात को लेकर बहस हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने फिर कोई कड़वी बात कह दी. इसके बाद जब राम प्रसाद सो गए, तब रात के अंधेरे में दोनों बहनों ने दरांती और चाकू से हमला कर दिया. उन्होंने अपने पिता का गला रेत दिया और पेट पर भी कई वार किए, जिससे मौके पर ही राम प्रसाद की मौत हो गई.
खून से सने कपड़े भूसे के ढेर में छिपाए
सोमवार सुबह जब राम प्रसाद का शव चारपाई के नीचे खून से लथपथ मिला, तो हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को शुरुआती जांच में ही शक हो गया था क्योंकि घर के अंदर हाथ धोने के निशान और खून के धब्बे मिले थे. जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो दोनों बहनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने भूसे के ढेर में छिपाई गई एक पोटली बरामद की, जिसमें खून से सने कपड़े और कत्ल में इस्तेमाल किया गया हथियार मौजूद था.
इस कत्ल से इलाके में दहशत
इस वारदात ने समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने बड़ी बेटी कोमल और उसकी नाबालिग बहन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. एसपी ग्रामीण ने बताया कि बेटियों ने पिता के अपमानजनक व्यवहार और तानों से तंग आकर आवेश में यह कदम उठाने की बात स्वीकार की है. फिलहाल, पुलिस मामले के हर कानूनी पहलू की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
साल 2014 में ऐसा ही एक मामला दिल्ली से भी आया साथ
साल 2014 में राजौरी गार्डन इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी वारदात हुई थी जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था. 23 साल की कुलविंदर कौर ने अपने पिता जसवीर सिंह की सख्ती और रोज-रोज की टोका-टोकी से तंग आकर उनकी हत्या की खौफनाक साजिश रची. कुलविंदर अपने पिता की पाबंदियों और उनके सख्त स्वभाव से इस कदर नफरत करने लगी थी कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर सोते समय पिता पर चाकू और रॉड से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था.
इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब जांच में पता चला कि कत्ल करने के बाद कुलविंदर ने अपने पिता के सीने को चीरकर पेसमेकर बाहर निकाल लिया था. उसने ऐसा सिर्फ यह सुनिश्चित करने के लिए किया कि उसके पिता की धड़कनें पूरी तरह रुक चुकी हैं और उनके बचने की कोई गुंजाइश न रहे. पुलिस ने जब तहकीकात शुरू की, तो घर के अंदर की स्थिति और कुलविंदर के बयानों ने सारा राज खोल दिया, जिसके बाद उसे उसके साथियों समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.