Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद सुसाइड केस में नया खुलासा: भाभी बताई... निकली तीसरी पत्नी, तीन बहनों की मौत मामले में चौंकाने वाला दावा

Ghaziabad Suicide Case: तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में परिवार से जुड़े नए तथ्य सामने आए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।

Update: 2026-02-09 12:31 GMT

गाजियाबाद 9 फरवरी 2026। गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में जांच के दौरान परिवार से जुड़ी हैरान करने वाली बातें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृतक बच्चियों के पिता चेतन ने तीन शादियां की थीं लेकिन पुलिस के सामने उन्होंने अपनी तीसरी पत्नी को ‘भाभी’ बताकर पेश किया था। पिछले सप्ताह गाजियाबाद के एक अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल से गिरने के बाद तीन नाबालिग बहनों की मौत हो गई थी। मामले की जांच अभी जारी है।

परिवार ने क्या बताया? 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बच्चियों के नाना ने बताया कि उनके कुल 14 बच्चे हैं, जिनमें 11 बेटियां शामिल हैं। इनमें से एक बेटी की करीब छह साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार के अनुसार अब तक सात बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि नेहा और तान्या की शादी नहीं हुई थी। नाना ने यह भी बताया कि उनका सबसे बड़ा बेटा दीपू पिछले 12 साल से लापता है।

दो बहनों से एक ही शख्स की शादी?

नाना के बयान के अनुसार उनकी सबसे बड़ी बेटी सुजाता की शादी करीब 18 साल पहले चेतन से हुई थी। जब इस शादी से संतान नहीं हुई, तो बाद में बहन हीना की भी शादी चेतन से कर दी गई। दोनों बहनें एक ही घर में रहती थीं। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी नेहा भी उसी घर में रहती थी।

छह साल पुरानी मौत और लिव-इन का दावा

परिवार ने यह भी बताया कि करीब छह साल पहले बेटी आंचल की मौत चेतन के घर पर ही हुई थी। उस समय इसे बालकनी से गिरने का हादसा मानते हुए कोई जांच नहीं कराई गई थी।

हालांकि पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार आंचल चेतन की लिव-इन पार्टनर थी। एजेंसी ने यह भी दावा किया कि चेतन ने सुजाता, हीना और टीना से शादी कर रखी थी।

तीसरी पत्नी को भाभी बताया

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2018 में क्रेडिट कार्ड से जुड़े एक मामले में चेतन की मुलाकात टीना से हुई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। दावा है कि दोनों का एक बच्चा भी है। रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ के दौरान चेतन ने पुलिस को टीना का परिचय ‘भाभी’ के रूप में दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिवार के बयानों दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। 

जरूरी सूचना

अगर आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत स्थानीय हेल्पलाइन, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या भरोसेमंद व्यक्ति से संपर्क करें। मदद उपलब्ध है और समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।

Tags:    

Similar News