प्रियंका गांधी का प्रस्ताव योगी ने स्वीकारा….मांगी 1 हजार बसों की लिस्ट….दो दिन पहले प्रियंका ने कांग्रेस के खर्चे से हजार बस चलाने की मांगी थी अनुमति

Update: 2020-05-18 11:32 GMT

लखनऊ 18 मई 2020। प्रियंका गांधी का 1 हजार बस चलाने का प्रस्ताव योगी सरकार ने मंजूर कर लिया है। राज्य सरकार ने प्रियंका गांधी को पत्र लिखकर 1 हजार बसों की लिस्ट और ड्राइवर-कंडक्टर के नाम-पते मांगे हैं, ताकि श्रमिकों की सहायता में उनकी मदद ली जा सके। आपको बता दें कि दो दिन पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मजदूरों को उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए एक हजार बस चलाने की अनुमति मांगी थी, जिसका पूरा खर्च कांग्रेस उठायेगी।

प्रियंका गांधी के प्रस्ताव को अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने स्वीकार किया है। इसके साथ ही इस संबंध में कांग्रेस महासचिव के निजी सचिव को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि प्रवासी मजदूरों के संदर्भ में प्रियंका गांधी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। आप एक हजार बसों की सूची चालक/परिचालक का नाम व अन्य जानकारी उपलब्ध कराने का कष्ट करें, जिससे इनका उपयोग प्रवासी श्रमिकों की सेवा में किया जा सके।

औरैया सड़क हादसे के एक दिन बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर वीडियो संदेश के जरिए भी इस बात के लिए आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से यूपी सीमा पर श्रमिकों को ले जाने के लिए एक हजार बसें तैयार हैं, इसके लिए आप अनुमति प्रदान करें।

Tags:    

Similar News