Chhattisgarh AI News: एआई की ओर भाजपा: संगठन मंत्री पवन साय ने दिए ये टिप्स, बैठक में शामिल होने कोलकाता से रायपुर पहुंचे संगठन मंत्री

Chhattisgarh AI News: छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय विशेष रूप से पार्टी की कार्यशाला में शामिल होने के लिए कोलकाता से रायपुर पहुंच गए। विलंब से पहुंचने के बाद भी उन्होंने कार्यशाला को संबोधित किया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को पंच परिवर्तन का टिप्स विशेष रूप से दिया।

Update: 2026-02-17 15:48 GMT

Chhattisgarh AI News: रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा अब एआई की ओर जाने वाली है। दो दिनों तक चले भाजपा के प्रशिक्षण सत्र में इस पर विशेष रूप से चर्चा की गई और इसकी मदद से पार्टी की नीतियों को प्रभावी बनाने के तरीके बताए गए। एक दिन पहले मोर्चा- प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के लिए सत्रों का आयोजन किया गया और मंगलवार को दिनभर के पांच सत्रों में प्रांतीय बैठक में अलग- अलग विषयों पर मार्गदर्शन दिए गए।


आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रख कर पार्टी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के निर्माण का महत्वपूर्ण काम सौंपा गया है। कार्यकर्ताओं का निर्माण किस तरह करना है और उन्हें कैसे सहेजना है, इन बिंदुओं पर वरिष्ठ नेताओं ने टिप्स दिए। इस टिप्स के आधार पर ही पदाधिकारियों को जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन करना है। इसका शेड्यूल पहले ही सभी जिलों को उपलब्ध करा दिया गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय इन दिनों पश्चिम बंगाल में मोर्चा संभाले हुए हैं। कोलकाता में रह कर वे चुनाव से पहले संगठन के हित में जमीन तैयार कर रहे हैं।


भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल की 294 सीटों को पांच भागों में बांट कर पांच भाजपा शासित राज्यों के संगठन महामंत्रियों को जिम्मा दिया है। सभी के खाते में 50 से 55 सीटें आयी हैं। इनमें से एक जोन का उत्तरदायित्व साय को दिया गया है। वे भाजपा के प्रशिक्षण सत्र में शामिल होने के लिए विशेष रूप से कोलकाता से रायपुर पहुंचे। साय ने पदाधिकारियों को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन पर टिप्स देकर इसे आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया। संघ ने सामाजिक और सांस्कृतिक आधार पर पांच आधार तय किए हैं। संगठन महामंत्री ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्त्तव्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण पर विशेष रूप से ध्यान देना है। इसी टिप्स को उन्होंने बूथ स्तर तक ले जाने को कहा, जिससे संगठन के लिए नए कार्यकर्ताओं का निर्माण हो सके।

क्या है पंच परिवर्तन-

1. सामाजिक समरसता में जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव को खत्म कर समाज में एकता पर जोर देना है।

2. कुटुंब प्रबोधन का लक्ष्य है कि परिवारों में पुरानी पंरपरा को जीवित कर आपसी संवाद बढ़ाने, संस्कार और स्नेह को बढ़ावा देना है।

3. पर्यावरण संरक्षण के तहत प्लास्टिक का इस्तेमाल कम कर पौधों का संरक्षण, पानी के किफायती इस्तेमाल पर जोर देना है।

4. स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर भारत की आत्म निर्भरता को बढ़ाना है, इससे रोजगार भी बढ़ेंगे।

5. नागरिक कर्तव्य में स्वच्छता, अनुशासन, सेवा और संविधान का पालन करना है।

गुजरात से विशेष रूप से आए पटेल-

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग को महत्वपूर्ण बनाने के लिए क्षेत्रीय प्रशिक्षण विभाग के संयोजक केसी पटेल खास तौर पर गुजरात से रायपुर आए थे। उनके कार्यक्षेत्र में होने वाले प्रशिक्षणों में वे जाकर टिप्स देते रहते हैं। इनके अलावा प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत प्रांतीय कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, क्षेत्रीय प्रशिक्षण विभाग संयोजक के. सी. पटेल, प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कंडेय, प्रदेश प्रशिक्षण विभाग संयोजक अवधेश जैन, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, श्रीमती शताब्दी पांडे सहित प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री, विधायकगण, निगम मंडल आयोग के अध्यक्षगण प्रदेश पदाधिकारीगण जिलाध्यक्षगण जिला महामंत्री उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News