सरकार को जनता की नहीं, कुर्सी की चिंता...नालंदा भगदड़ के लिए तेजस्वी यादव ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

Tejashwi Yadav News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नालंदा में शीतला मंदिर भगदड़ की घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने इस घटना को प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिणाम बताया।

Update: 2026-03-31 09:10 GMT

Tejashwi Yadav On Nalanda Stampede : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नालंदा के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में हुई भगदड़ पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा हृदयविदारक है। दुखद है। इसमें कई श्रद्धालुओं की जान चली गई। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

तेजस्वी यादव ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घटना को न सिर्फ दुखद, बल्कि व्यवस्था की विफलता का परिणाम बताया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार सरकार को जनता की चिंता ही नहीं है। उन्हें सिर्फ सत्ता की चिंता है। बिहार की सत्ता की कुर्सी की चिंता है। 

कुव्यवस्था पर उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने हादसे के लिए प्रशासनिक कुव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। उनके अनुसार ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने सरकार की तैयारी पर सवाल उठाए।

घायलों के समुचित इलाज की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तुरंत आर्थिक सहायता देने की अपील भी की।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

तेजस्वी ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। राजद नेता ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो। उसके लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। तेजस्वी यादव ने कहा है कि सरकार को जिम्मेदारी निभानी होगी। जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।

Tags:    

Similar News