नीतीश कुमार ने एमएलसी पद से दिया इस्तीफा, मंत्री अशोक चौधरी रो पड़े, नितिन नवीन ने भी किया रिजाइन

Nitish Kumar News : बिहार से बहुत बड़ी खबर आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एमएलसी और नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। दोनों राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

Update: 2026-03-30 08:11 GMT

Nitish Kumar And Nitin Nabin Resignation News : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बिहार विधान परिषद की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा विजय चौधरी और एमएलसी संजय गांधी लेकर विधान परिषद पहुंचे। मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। ये तो संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्हें इस्तीफा देना था। उनका त्यागपत्र एमएलसी संजय गांधी ने विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सौंपा है।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मंत्री अशोक चौधरी फफक कर रो दिए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी ने मुख्यमंत्री से दबाव में इस्तीफा दिलवाया है। इधर, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का इस्तीफा बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा है। नितिन नवीन ने कल असम जाने से पहले इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा था।

नितिन नवीन ने मां के लिए लिखा पोस्ट

बीजेपी अध्यक्ष ने इस्तीफे के बीच मां को लेकर भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, मां की परछाई तो नहीं है, पर मां का एहसास उसी तरह जीवंत है। 5 साल में कई मुकाम और प्रतिष्ठा मिली, पर उन सबके बीच में कुछ खालीपन का एहसास हमेशा दिल को कचोटता है। मेरे मंत्री बनने के कुछ दिन बाद मां हमें छोड़कर चली गईं। लगता है जैसे वो उसी दिन के इंतजार में थी। मुझे आशीर्वाद दिया और अंतिम यात्रा पर चली गईं। मां के होने और न होने का अंतर शायद वही लोग समझते हैं, जिन्होंने मां को खोया हो। मित्रों जब तक मां है, उसको पूरा सम्मान और समय दो। दुनिया की सबसे कीमती चीज मां है। जब तक वो है, उसको हमेशा खुश रखो और पूरा समय दो, क्योंकि जो उसने दिया है वो तुम्हें कोई दे ही नहीं सकता। मां तुम्हारे अंदर का विश्वास है। मां हर खुशी है। मां तुम्हारी ऊर्जा है। इसी ऊर्जा के बल पर तुम दुनिया से लड़ते हो। मां के श्री चरणों को शत्–शत् बार नमन।

सीएम बने रह सकते हैं नीतीश कुमार

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि नीतीश कुमार चाहें तो वे 6 महीनों तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रह सकते हैं। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उनके साथ एनडीए के 4 अन्य सदस्य भी चुने गए थे। इनमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हैं। नियमानुसार कोई सदस्य दूसरे सदन के लिए चुना जाता है तो उसे 14 दिनों में दोनों सदनों में से किसी एक से इस्तीफा देना जरूरी होता है।

Tags:    

Similar News