तय हो चुका है बिहार का अगला CM... जीतन राम मांझी ने मोदी और शाह का नाम लेकर कर दिया सबकुछ स्पष्ट
Bihar New CM: बिहार के अगले सीएम की तस्वीर अभी साफ नहीं है। अहम बात है कि नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा कब देते हैं। ये भी क्लीयर नहीं है।
Jitan Ram Manjhi Statement On Bihar Next CM: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा, यह अब भी सबसे बड़ा सवाल है। ये सवाल केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को यह नाम पता है। दिल्ली में संसद भवन में मांझी ने कहा कि नरेंद्र मोदी बहुत अच्छे से जानते हैं।अमित शाह मंझे हुए राजनीतिज्ञ हैं। उन्होंने मन में सोच लिया होगा कि किसको बनाना है। वो जिसको भी बनाएंगे, अच्छा बनाएंगे। उसको सबकी मान्यता मिलेगी।
नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा सदस्य के लिए निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने आज बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। एमएलसी पद छोड़ने के लिए तय 14 दिनों की अवधि आज समाप्त हो रही थी। वैसे, अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से कब इस्तीफा देंगे।
अगले महीने नीतीश लेंगे राज्यसभा सदस्य की शपथ!
चर्चा है कि नीतीश कुमार अगले महीने की शुरुआत में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। यह भी कहा जा रहा कि अब वो लंबे समय तक बिहार की सत्ता में बने नहीं रहेंगे। हालांकि, संविधान के प्रावधानों के अनुसार कोई व्यक्ति विधानसभा या विधान परिषद का मेंबर न रहने के बाद भी 6 महीने तक सीएम रह सकता है।
CM के लिए किन नामों की चर्चा
बिहार जैसे प्रदेश में दो दशकों से सत्ता में साझेदार रहने के बावजूद बीजेपी को अब तक सीएम की कुर्सी नहीं मिली है। सीएम के लिए संभावित चेहरों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है। कोइरी जाति से आने वाले सम्राट चौधरी के पास अभी गृह विभाग भी है। नित्यानंद राय का नाम भी चर्चा में है। नित्यानंद बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। अभी मोदी सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हैं। माना जाता है कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का समर्थन है। उधर, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी राजनीति में एंट्री हो चुकी है। जदयू के कई नेता निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर चुके हैं। नई सरकार बनने पर निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है।