Visakhapatnam Train Accident: विशाखापट्टनम में बड़ा रेल हादसा, अब तक 13 की मौत 50 से ज्यादा घायल, मुआवजे का ऐलान

Andhra Pradesh Train Accident: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में हुए रेल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा हावड़ा-चेन्नई लाइन पर रविवार को हुआ।

Update: 2023-10-30 04:24 GMT

Andhra Pradesh Train Accident: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में हुए रेल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा हावड़ा-चेन्नई लाइन पर रविवार को हुआ। पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीआर) के अधिकारियों का कहना है कि रविवार शाम सात बजे के आसपास विशाखापत्तनम से लगभग 40 किलोमीटर दूर कांतकपल्ले में पलासा पैसेंजर ट्रेन ने रायगढ़ा पैसेंजर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी।

इससे पलासा पैसेंजर ट्रेन के पीछे के दो डिब्बे और रायगढ़ा पैसेंजर ट्रेन का लोको डिब्बा पटरी से उतर गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) बिस्वजीत साहू ने रविवार रात कहा था कि हादसे में कम से कम 9 लोग मारे गए हैं। हालांकि, पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।

विजयनगरम की कलेक्टर एस नागलक्ष्मी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम 50 लोग घायल हुए हैं। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घायलों को विशाखापत्तनम और विजयनगरम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव और राहत कार्य जारी है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राज्य के मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, रेड्डी ने अन्य राज्यों के मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। ईसीआर ने हादसे से जुड़ी जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन स्थापित की हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'सभी घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया है। मुआवजा राशि का भुगतान शुरू हो गया है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के लिए दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 50,000 रुपये की घोषणा की गई है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया और स्थिति का जायजा लेने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। प्रधानमंत्री ने इस ट्रेन दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।


Full View

Tags:    

Similar News