Ahmedabad Crime News: रिहाइशी फ्लैट में पाल रखे थे 50 विदेशी सांप, एक बार डसवाने का लेते 50 हजार, पुलिस ने किया बड़ा भंडाफोड़
गुजरात के अहमदाबाद में विदेशी सांपों के प्रजनन और जहर के व्यापार के रैकेट का खुलासा हुआ है। सांप के जहर को रेव पार्टी में भेजा जाता था, जहां लोग अपने आप को सांप से कटवाने के लिए 50 हजार से लेकर लाखों रुपए दे रहे थे।
फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
अहमदाबाद 03 मार्च 2026, आपने ड्रग्स और गांजा जैसे कई नशीले पदार्थों की तस्करी या सप्लाई के बारे में जरूर सुना होगा, लेकिन क्या आपने सांपों के जहर की तस्करी के बारे में सुना है? अगर नहीं तो बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद में विदेशी सांपों के प्रजनन और जहर के व्यापार के रैकेट का खुलासा हुआ है। सांप के जहर को रेव पार्टी में भेजा जाता था, जहां लोग अपने आप को सांप से कटवाने के लिए 50 हजार से लेकर लाखों रुपए दे रहे थे। मामले में रविवार को मुख्य आरोपी नादर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 50 अलग-अलग प्रजाती के जहरीले सांप जब्त किया गया है। यह पूरा मामला नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की कार्रवाई देखने को मिली है। टीम ने रिहायशी फ्लैट में चल रहे विदेशी जानवरों और पक्षियों के अवैध प्रजनन के साथ खरीदी बिक्री के रैकेट का खुलासा किया है। घर के अंदर तंग पिंजरों में रखे दुर्लभ और कीमती सांप समेत अन्य जानवर को जब्त किया है। जहरीले सांपों के जहर को रेव पार्टियों में भेजकर 50 हजार से 1 लाख रुपए तक में बेचा जाता था। फिलहाल जांच एजेंसियां आगे की जांच में जुट गई है।
क्राइम ब्रांच की छापेमारी में क्या खुलासा हुआ ?
दरअसल, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को नवरंगपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित इस रिहायशी फ्लैट में छापेमारी की। इस छापेमारी में जो कुछ खुलासा हुआ है वो हैरान कर देने वाला है। बताया जा रहा है कि नादर (41) ने फ्लैट में 50 से ज्यादा जहरीले सांपों की प्रजाती के साथ अन्य जानवरों को प्रजनन और खरीदी बिक्री के लिए रखा था। इतना ही नहीं सांपों के जहर का कारोबार भी कर रहा था।
कीतने रूपए देकर करते थे सांप के जहर का नशा ?
सांपों का जहर अहमदाबाद, गांधीनगर और खेड़ा सहित ग्रामीण इलाकों में आयोजित होने वाली हाई प्रोफाइल रेव पार्टियों में भेजी जाती थी। लोग सांपों के जहर का नशा करने के लिए 50 हजार से 1 लाख रुपए तक को देने को तैयार थे। बताया जा रहा है कि लोग नशा के लिए खुद को सांप से कटवाते, कुछ बूंदे निगल लेते या फिर इंजेक्शन से ब्लड में इंजेक्ट कर लेते थे।
कौन-कौन से जानवर मिले ?
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने 10x12 फीट के कमरे से 50 से ज्यादा विदेशी प्रजाती के जहरीले सांप, नीदरलैंड के बौने खरगोश, फारसी बिल्लियां, अफ्रीकी ग्रे तोते, टैमरिन बंदर और नीले-सुनहरे मौकाऊ तोते बरामद किया है। टीम अब आरोपी नादर (41) के बैंक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और दस्तावेज खंगालने मे जुटी हुई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क कहां तक फैला है।
सांप के जहर में क्या पाया जाता है ?
बता दें कि सांप के जहर में कई प्रकार के प्रोटीन, पेप्टाइड्स और इंजाइम पाए जाते हैं। सांप का जहर मुख्य रूप से कोशिकाओं, तंत्रिका तंत्र, रक्त, या मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाता है, लेकिन कई लोग सांप के जहर का इस्तेमाल नशे के लिए भी करते हैं।