Indian Sailor Killed Iran War: ईरान-इजरायल जंग में पहले भारतीय की मौत, ओमान के पास तेल टैंकर पर ड्रोन हमला, 15 भारतीय थे सवार
Indian Sailor Killed Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल और अमेरिका की भीषण जंग की आग अब भारतीय दहलीज तक पहुंच गई है।
फोटो: AI जेनरेटेड
Indian Sailor Killed Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल और अमेरिका की भीषण जंग की आग अब भारतीय दहलीज तक पहुंच गई है। ओमान की खाड़ी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है जहां एक तेल टैंकर पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नाविक (Sailor) की मौत हो गई है। साल 2026 के इस युद्ध में किसी भारतीय नागरिक की जान जाने का यह पहला मामला है जिसने सरकार और खाड़ी देशों में रह रहे लाखों भारतीयों की चिंता बढ़ा दी है।
ओमान के तट पर 'MKD व्योम' बना निशाना
ओमान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक यह हमला राजधानी मस्कट के तट के पास हुआ। हमले की चपेट में 'एमकेडी व्योम' (MKD VYOM) नाम का तेल टैंकर आ गया जिस पर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगा था। बताया जा रहा है कि एक विस्फोटक से लदी 'ड्रोन बोट' ने टैंकर पर बम गिराया, जिससे वहां तैनात भारतीय क्रू मेंबर की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि हमले की रिपोर्ट रविवार को ही आ गई थी लेकिन मृतक की भारतीय पहचान सोमवार को ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने की है।
समंदर में ईरान का 'चक्रव्यूह'
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी इस टकराव का सबसे खतरनाक असर 'होर्मुज स्ट्रेट' (Strait of Hormuz) पर दिख रहा है। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह इस संकरे समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाएगा। दरअसल इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के जवाब में ईरान अब अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों को टारगेट कर रहा है। ताजा हमला इसी जवाबी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है जिससे इंटरनेशनल तेल सप्लाई चेन पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
15 भारतीयों वाले एक और जहाज पर हमला, 4 घायल
खतरा यहीं खत्म नहीं होता। रविवार को ही एक और तेल टैंकर पर हमले की खबर आई है जिस पर 15 भारतीय नागरिक सवार थे। यह हमला भी ओमान के पास ही हुआ जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ओमान के अधिकारियों ने अभी यह साफ नहीं किया है कि यह हमला मिसाइल से हुआ या ड्रोन से लेकिन लगातार हो रहे इन हमलों ने हिंद महासागर और खाड़ी क्षेत्र में भारतीय जहाजों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।