'मोंथा' मचाएगा तबाही! देश के इन 8 राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट..स्कूल-कालेज हुए बंद
Cyclone Montha News
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'मोंथा' अब विकराल रूप में बदलता जा रहा है। पिछले छह घंटों के दौरान तूफान लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, आज (28 अक्टूबर) शाम या रात तक इसका लैंडफॉल (तट से टकराना) आंध्र प्रदेश के तट पर मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच, काकीनाडा के आस-पास होने की आशंका है।
तेज़ हवा और गति का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल के समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जो बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुँच सकती है। चेतावनी दी गई है कि लैंडफॉल के बाद तूफान की रफ़्तार 300 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी हो सकती है, जिससे तटीय इलाकों में भारी नुकसान होने की आशंका है। इसके आलावा बंगाल की खाड़ी में हवाएँ 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश और यानम तट पर आज शाम से 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएँ चल सकती हैं, जबकि ओडिशा तट पर इसकी रफ़्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने साइक्लोन 'मोंथा' के खतरे को देखते हुए देश के कई राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश और यानम (पुडुचेरी) में आज (28 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक) कई जगहों पर भारी से अत्यधिक भारी बरसात होने की संभावना है। इसके अलावा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी क़रीबन दो दिनों तक तेज बारिश की सम्भावना जताई गई है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने समुद्र के किनारे रहने वाले सभी लोगों से बहुत सावधान रहने की चेतावनी दी है। इसके आलावा मछुआरों को समुन्द्र में मछली पकड़ने से सख्त मना किया गया है। इधर,आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भयंकर तूफान को लेकर पूरे प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि, फ़ोन सेवा (टेलीकॉम), बिजली और पीने के पानी की सप्लाई किसी भी हाल में रुकनी नहीं चाहिए।
स्कूल-कॉलेज बंद, यातायात पर असर
इस तूफान की वजह से आवाजाही (ट्रैफिक) पर बुरा असर पड़ा है, रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं और एयर इंडिया तथा इंडिगो ने विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम की सारी उड़ानें (फ्लाइट्स) कैंसिल कर दी गई हैं। भारी बारिश और पानी भरने के चलते तमिलनाडु के चेन्नई, चेंगलपट्टू और कडलूर जैसे जिलों में आज स्कूल-कॉलेज बंद हैं।