LPG Gas Booking: सरकार ने बदले गैस सिलेंडर बुकिंग के नियम, शहरों में अब 25 तो गांवों में इतने दिन बाद मिलेगा सिलेंडर, पढ़ें सरकार की नई एडवाइजरी!
LPG Booking New Rules 2026: पेट्रोलियम मंत्रालय ने LPG गैस बुकिंग के नियम बदले। अब शहरों में 25 और गांवों में 45 दिन बाद बुक होगा सिलेंडर। सरकार ने कहा- देश में ईंधन की कोई कमी नहीं।
नई दिल्ली 4 अप्रैल 2026। भू-राजनीतिक तनाव और 'होरमुज जलडमरूमध्य' के बंद होने से बिगड़े हालातों के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (Ministry of Petroleum and Natural Gas) ने ईंधन सप्लाई चैन को ठीक रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने रसोई गैस (LPG) बुकिंग के नियमों में बदलाव करते हुए शहरों में सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन कर दिया है। मंत्रालय ने देशवासियों को गारंटी दी है कि भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है इसलिए पैनिक बाइंग (Panic Buying) से बचें।
सिलेंडर बुकिंग के नए नियम: डिजिटल मोड होगा अनिवार्य
पेट्रोलियम मंत्रालय ने निर्देश जारी किए हैं कि जब तक बेहद जरूरी न हो उपभोक्ता गैस डिस्ट्रीब्यूटर (LPG Distributor) की एजेंसी पर जाने से बचें। सरकार बुकिंग के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को बढ़ावा दे रही है। वर्तमान में 94 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन (Online Booking) की जा रही है। इसके साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित डिलीवरी को सख्ती से लागू कर दिया गया है। इसे फरवरी 2026 के 53 परसेंट से बढ़ाकर अब 86 फीसद तक पहुंचा दिया गया है।
क्या देश में ईंधन की किल्लत होने वाली है?
सोशल मीडिया पर फैल रही ईंधन संकट की अफवाहों को खारिज करते हुए सरकार ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सप्लाई की स्थिरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 4 अप्रैल 2026 को ही देशभर में 55 लाख घरेलू एलपीजी सिलेंडर डिलीवर किए गए हैं। सर्कार का दवा है डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास गैस खत्म होने की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
डिमांड कम करने के लिए वैकल्पिक ईंधन का सहारा
बाजार में LPG की मांग को बैलेंस करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके नियमित कोटे के अलावा 48,000 किलोलीटर एक्स्ट्रा केरोसिन आवंटित किया है। सरकार जनता से पीएनजी (PNG), इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप जैसे स्मार्ट और अल्टरनेटिव फ्यूल्स का इस्तेमाल करने की अपील कर रही है।
प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाला सिलेंडर और सख्त निगरानी
मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि प्रवासी मजदूरों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5 किलो वाले LPG सिलेंडरों का वितरण स्मूथ तरिकेसे किया जाए। इसके अलावा पेट्रोलियम सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ईंधन की जमाखोरी करने वालों और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर पैनी नजर रखें। सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।