सैम ऑल्टमैन कंट्रोवर्सी: OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन पर सगी बहन ने लगाया यौन शोषण का आरोप, जानें क्या है पूरा विवाद

Sam Altman Sexual Abuse Allegations: OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन पर उनकी बहन एनी ऑल्टमैन ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए नया मुकदमा दायर किया है। सैम ने आरोपों को नकारते हुए मानहानि का केस किया है। पूरी खबर पढ़ें।

Update: 2026-04-04 08:00 GMT

फोटो: AI

नई दिल्ली ४ अप्रैल 2026। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया के सबसे बड़े चेहरों में से एक और OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनकी सगी बहन एनी ऑल्टमैन ने फेडरल कोर्ट में अपने सिविल मुकदमे (Civil Lawsuit) में संशोधन करते हुए सैम पर दो दशक पहले यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह कानूनी कदम एक अमेरिकी जज के सुझाव के बाद उठाया गया है। हालांकि ऑल्टमैन परिवार ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए एनी को मानसिक बीमार ठहराया है।

जज की सलाह पर दायर की गई संशोधित शिकायत

बुधवार को सेंट लुइस की फेडरल कोर्ट में एनी ऑल्टमैन ने अपनी संशोधित शिकायत (Amended Complaint) दायर की। दरअसल 20 मार्च 2026 को U.S. डिस्ट्रिक्ट जज जैकरी ब्लूस्टोन ने एनी के पुराने दावों को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि वे 2008 में ही समाप्त हो गए थे। हालांकि जज ने यह भी बताया कि 'मिसौरी का बाल यौन शोषण कानून' कुछ मामलों में बहुत पहले हुए कथित शोषण की शिकायत करने की अनुमति देता है। इसी कानूनी विकल्प के आधार पर जज ने एनी को केस आगे बढ़ाने की सलाह दी थी।

1997 से 2006 के बीच यौन शोषण का दावा

एनी ऑल्टमैन ने अपने भाई सैम पर आरोप लगाया है कि 1997 से 2006 के बीच मिसौरी के क्लेटन उपनगर के उनके पारिवारिक घर में उनका कई बार यौन शोषण और बलात्कार किया गया। एनी का दावा है कि यह सिलसिला तब शुरू हुआ था जब वह महज 3 साल की थीं और सैम ऑल्टमैन 12 साल के थे। बता दें कि 2022 में 'ChatGPT' लॉन्च करने के बाद ग्लोबल आइकन बने सैम ऑल्टमैन अब 40 साल के हो चुके हैं।

सैम ऑल्टमैन का पलटवार: ठोका मानहानि का केस

इन संगीन आरोपों को लेकर सैम ऑल्टमैन ने स्पष्ट इनकार किया है। उन्होंने अपनी बहन पर पलटवार करते हुए मानहानि (Defamation) का मुकदमा दायर किया है। अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों में सैम ने कहा है कि यह मुकदमा एक प्रकार की 'जबरदस्ती' (Extortion) है। फिलहाल सैम के वकीलों ने मीडिया के सवालों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

ऑल्टमैन परिवार का बयान: 'एनी की मानसिक हालत ठीक नहीं'

इस पूरे विवाद में ऑल्टमैन परिवार सैम के साथ खड़ा है। परिवार का कहना है कि एनी ऑल्टमैन की मानसिक स्थिति (Mental Health) ठीक नहीं है। परिवार ने अदालत को बताया कि वे एनी की हर संभव मदद कर रहे हैं, जिसमें आर्थिक सहायता (Financial Support) भी शामिल है, लेकिन वे इस तरह के झूठे आरोपों का समर्थन नहीं कर सकते।

कौन हैं सैम ऑल्टमैन?

सैम ऑल्टमैन OpenAI के सह-संस्थापक (Co-founder) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। ChatGPT की सफलता के बाद वे टेक इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लीडर्स में शुमार हैं। फोर्ब्स (Forbes) मैगजीन के अनुसार, सैम ऑल्टमैन की मौजूदा कुल संपत्ति लगभग $3.3 बिलियन (करीब 27 हजार करोड़ रुपये) है।

Tags:    

Similar News