Srinivas Lewis Arrested: 1100 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जानें कैसे एजेंसियों को चकमा दे रहा था ये पूर्व प्रोफेसर
Srinivas Lewis Arrested: दिल्ली पुलिस ने 1100 से अधिक अदालतों, स्कूलों और दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी (Bomb Threat) देने वाले मास्टरमाइंड श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार कर लिया है। जानें उसकी पूरी क्राइम डिटेल्स।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने देश भर की 1100 से अधिक अदालतों, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी (Fake Bomb Threat) देने वाले मास्टरमाइंड श्रीनिवास लुईस को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों को लंबे समय से छका रहा यह शख्स कोई आम अपराधी नहीं है बल्कि एक NET-क्वालिफाइड पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर है। पारिवारिक ज़मीन विवाद में न्याय न मिलने से नाराज़ होकर उसने अपना गुस्सा जुडिशल सिस्टम पर निकाला और भारत से लेकर पाकिस्तान तक फर्जी ईमेल भेजकर दहशत फैला दी।
कौन है श्रीनिवास लुईस? (Who is Srinivas Lewis?)
श्रीनिवास लुईस की प्रोफाइल आम क्रिमिनल्स से बिल्कुल अलग है। उसने पोस्टग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है और नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) भी क्वालिफाई किया है। वह पहले एक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम करता था। हालांकि फिलहाल वह बेरोजगार था और मैसूर में अपनी मां (जो एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं) के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
अदालतों को क्यों भेजे धमकी भरे ईमेल? (Motive Behind Bomb Threats)
पुलिस पूछताछ में लुईस ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार का एक ज़मीन विवाद अदालत में चल रहा था। इस केस में उसके पिता को उनका हिस्सा नहीं मिल पाया था। न्यायिक प्रणाली से इसी आक्रोश के चलते उसने अदालतों और पुलिस संस्थानों को अपना टारगेट बनाया। वह जानबूझकर हाई-प्रोफाइल संस्थानों को निशाना बनाता था ताकि ज्यादा से ज्यादा दहशत फैलाई जा सके। पुलिस को उसके मानसिक तनाव में होने की भी आशंका है।
साइबर एक्सपर्ट की तरह एजेंसियों को दे रहा था चकमा (How He Evaded Agencies)
श्रीनिवास तकनीकी रूप से काफी एडवांस है। पुलिस से बचने के लिए उसने कई हथकंडे अपनाए:
IP Address स्पूफिंग: उसने अपना आईपी एड्रेस छिपाने के लिए कई सॉफ्टवेयर और तरीकों का इस्तेमाल किया जिससे ईमेल का सोर्स ट्रैक करना मुश्किल हो गया।
लोकेशन बदलना: वह एक ही दिन में कई संस्थानों को बल्क में धमकी भरे मेल भेजता था और तुरंत अपनी पहचान और रहने की जगह बदल लेता था।
मोबाइल का इस्तेमाल: उसने मुख्य रूप से मोबाइल फोन्स का इस्तेमाल करके अंग्रेजी और कन्नड़ भाषा में ईमेल भेजे।
पाकिस्तान में भी भेजे मेल, अब मोबाइल फॉरेंसिक जांच में (Investigation Status)
दिल्ली पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि लुईस ने न सिर्फ भारत के अलग-अलग राज्यों के हाईकोर्ट्स और संस्थानों को निशाना बनाया, बल्कि उसने पाकिस्तान के कुछ शहरों में भी ऐसे ही फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज इस तरह की दर्जनों FIR का सीधा कनेक्शन इसी आरोपी से है या नहीं।
फिलहाल आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को ज़ब्त कर फॉरेंसिक जांच (Forensic Analysis) के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उसे डिजिटल एविडेंस रिकवर करने के लिए वापस मैसूर ले जाएगी।