MP SET 2026: 1 मार्च को 38,144 अभ्यर्थियों की परीक्षा, एडमिट कार्ड जरूरी, मोबाइल-जूते पर बैन — जानें पूरे नियम
MP SET 2026 की परीक्षा 1 मार्च को इंदौर के 100 केंद्रों पर होगी। 38,144 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जानें परीक्षा समय, नियम और जरूरी निर्देश।
इंदौर में एक मार्च को होने जा रही मध्य प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस अहम परीक्षा में इस बार 38,144 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा जिले के 100 सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में बनाए गए केंद्रों पर दोपहर 12 से 3 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनमें प्रवेश समय, ड्रेस कोड, प्रतिबंधित वस्तुएं और ओएमआर प्रक्रिया तक के स्पष्ट नियम तय किए गए हैं।
यह परीक्षा न केवल हजारों युवाओं के करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रदेश में उच्च शिक्षा और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर राजस्व एवं प्रभारी परीक्षा अधिकारी सपना एम. लोवंशी ने बताया कि प्रश्नपत्र बहुवैकल्पिक (MCQ) प्रकार का होगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश केवल आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व ओएमआर शीट वितरित की जाएगी, जबकि प्रश्नपत्र पुस्तिका का वितरण सुबह 11:55 बजे किया जाएगा। पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित सेट ही उपलब्ध कराया जाए।
परीक्षार्थी ये ले जा सकेंगे साथ
परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल साथ ला सकेंगे।
इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, डिजिटल घड़ी, हैंड फ्री, पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, क्लेचर, धातु की वस्तुएं, लाइटर, माचिस, चाबी, ब्लेड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक और कीमती सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
वीक्षकों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं
वीक्षकों को भी मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पानी-बिजली सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।