MP मौसम अपडेट: मध्यप्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, जबलपुर में बारिश-ओले, इन 4 जिलों में आज बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में मौसम ने बदली करवट। जबलपुर संभाग में बारिश और ओले, 4 जिलों में आज बारिश का अलर्ट। जानें MP का ताजा मौसम अपडेट।
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास हुआ, तो वहीं शाम होते-होते कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को चौंका दिया।
सबसे ज्यादा असर जबलपुर संभाग के जिलों में देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। पूर्वी छिंदवाड़ा में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शाम तक मौसम शुष्क बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल मौसम स्थिर है, लेकिन आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में बरघाट,बैहर, खैरलांजी सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई.
तापमान का हाल
- सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान: नर्मदापुरम – 34.2°C
- सबसे कम न्यूनतम तापमान: कटनी (करौंदी) – 9.1°C
अन्य प्रमुख न्यूनतम तापमान:
- शहडोल (कल्याणपुर) – 9.5°C
- पचमढ़ी – 10.2°C
- राजगढ़ – 11.4°C
- उमरिया – 11.9°C
आज इन 4 जिलों में बारिश के आसार
आज इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है:
- बालाघाट
- छिंदवाड़ा
- सिवनी
- आगर
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 2 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से उत्तर भारत में हलचल बढ़ेगी। फिलहाल 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पछुआ जेट स्ट्रीम की हवाएं बह रही हैं, जो अगले 24 घंटों में पूर्व दिशा की ओर बढ़कर कमजोर पड़ सकती हैं।
क्या असर होगा?
- सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी.
- दिन में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा.
- कुछ जिलों में हल्की बारिश संभव.
- अधिकांश जगह मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा.