बुरहानपुर: महिला टीचर के व्हाट्सएप स्टेटस पर 10वीं बोर्ड इंग्लिश परीक्षा का पेपर, सस्पेंड, पूछताछ जारी

Update: 2026-02-18 07:22 GMT

MP crime news : मध्य प्रदेश में एक शिक्षिका ने कक्षा 10वीं के अंग्रेजी का पेपर व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से लीक कर दिया. 

मामला ऐसा है कि बुरहानपुर में एक प्राथमिक शिक्षिका ने 10वीं के अंग्रेजी प्रश्नपत्र की फोटो सोशल मीडिया पर upload कर दी। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और त्वरित जांच शुरू की गई।

कब और कहां हुई घटना

तुकईथड़ में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर परीक्षा से जुड़ी तस्वीर डाली है। एडीएम की प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि सुबह 9:06 बजे अंग्रेजी प्रश्नपत्र की फोटो स्टेटस पर अपलोड की गई थी।

कलेक्टर हर्ष सिंह और जिला पंचायत सीईओ तत्काल तुकईथड़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। पूछताछ में शिक्षिका ने स्वीकार किया कि उसने एक अनुपस्थित छात्र की डेस्क से प्रश्नपत्र की फोटो खींची थी। उसका उद्देश्य कथित तौर पर बाहर से पेपर हल कराकर छात्रों को नकल में मदद पहुंचाना था।

प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया और केंद्राध्यक्ष को भी तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया।


फोटो परीक्षा प्रारंभ होने के बाद साझा की गई

घटना के बाद पेपर लीक की चर्चाएं तेज हो गईं, हालांकि प्रशासन ने इसे सिरे से खारिज किया है। अधिकारियों के अनुसार, केंद्र पर मौजूद 109 छात्र-छात्राओं को सुबह 8:40 बजे से पहले प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर वितरित किए गए। चूंकि फोटो परीक्षा प्रारंभ होने के बाद साझा की गई, इसलिए प्रश्नपत्र लीक होने की बात निराधार बताई जा रही है। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।

शिक्षिका और केंद्राध्यक्ष निलंबित

शिक्षिका राजकुमारी सोनी और केंद्राध्यक्ष को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षिका को पुलिस थाने भेजा गया है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ जारी है। प्रशासन मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रहा है।

Tags:    

Similar News