कोविशील्ड का अभी नहीं लगेगा सिंगल डोज, जुलाई-अगस्त से ही रोज लग पायेगा एक करोड़ लोगों को वैक्सीन, स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी जानकारी

Update: 2021-06-01 07:42 GMT

नईदिल्ली 1 जून 2021. कोरोना की दूसरी लहर के बीच इस वक्त देश में वैक्सीन की कमी के चलते 18 से 44 आयु-वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं. हालांकि, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की मानें तो देश में वैक्सीन की यह किल्लत जल्द खत्म हो जाएगी. आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं है. जुलाई के मध्य या अगस्त तक हमारे यहां रोजाना एक करोड़ लोगों को वैक्सीनेट करने के लिए पर्याप्त मात्रा में खुराक होंगी. उन्होंने कहा कि हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि पूरी आबादी को दिसंबर तक वैक्सीनेट कर देंगे.

पहले डोज के बाद दूसरा डोज 12 सप्ताह के बाद लगेगा. कोवैक्सीन के साथ भी ऐसा ही है उसके भी दो डोज ही लगेंगे. उक्त बातें स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गयी. स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मौके पर यह भी स्पष्ट किया कि अभी प्रोटोकॉल में दो वैक्सीन को मिलाकर एक वैक्सीन बनाने पर विचार नहीं किया गया है. अभी दो वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सीन लगाये जा रहे हैं.

आईसीएमआर के बलराम भार्गव ने कहा कि देश में कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं है. जुलाई अगस्त तक देश में वैक्सीन की पर्याप्त डोज उपलब्ध होगी जिसके बाद प्रतिदिन एक करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य पूरा किया जायेगा. हमें पूरी उम्मीद है कि दिसंबर तक देश की पूरी जनसंख्या को कोरोना का वैक्सीन दे दिया जायेगा. नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी हमारा ध्यान बच्चों में कोरोना के असर पर है. अकसर यह देखा जाता है कि बच्चों में कोरोना के लक्षण कम उभरते हैं. उनमें इंफेक्शन के बावजूद कोरोना के लक्षण या तो बहुत कम उभरते हैं या फिर उभरते ही नहीं हैं. अबतक बच्चों में कोरोना ने गंभीर रूप नहीं लिया है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के एक लाख 27 हजार केस आये हैं, यह संक्रमण में गिरावट का संकेत है.उन्होंने कहा कि 28 मई से देश में दो लाख से कम मामले सामने आ रहे हैं.

कोरोना के एक्टिव केस में 50 प्रतिशत की कमी आयी है.पिछले कुछ दिनों से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या एक्टिव केस से ज्यादा हो गयी है. देश में रिकवरी केस बढ़कर 92 प्रतिशत हो गयी है. हर सप्ताह लगभग 20 टेस्टिंग औसतन हो रही है.

अबतक देश में 21.60 करोड़ लोगों को वैक्सीन दिया गया है. जिनमें से 1.67 करोड़ हेल्थ वर्कर को, 2.42 करोड़ फ्रंटलाइव वर्कर को, 15.48 करोड़ 45 साल से ज्यादा के लोगों को और 2.03 करोड़ डोज 18 साल से अधिक के लोगों को दिया गया है.

Tags:    

Similar News