Tooth sensitivity: सर्दी में बढ़ गई है दाँतों की सेंसिटिविटी तो करें इस तरह देखभाल, हाई फाइबर फूड करें प्रेफर

NPG News

Update: 2022-12-09 09:29 GMT

Tooth Sensitivity:; सर्दी के मौसम में बहुत से लोग दांत दर्द की पीड़ा झेलते हैं।टूथ सेंसिटिविटी या डेंटल हाइपरसेंसिटिविटी के कारण दांत दर्द असहनीय हो जाता है। ऐसे लोग चाह कर भी थोड़ा अधिक गर्म पेय नहीं ले पाते क्योंकि इससे दांतों में दर्द बढ़ जाता है। ठंडी हवाएं भी ओरल सेंसिटिविटी को बढ़ाती हैं। दांतों में हेयरलाइन फ्रैक्चर या मसूड़ों से जुड़ी प्राॅब्लम भी इन दिनों अधिक दिक्कत देने लगती हैं। इस मौसम में सतर्क रहें और दांतों का विशेष ध्यान रखें। आपके लिए कुछ उपयोगी जानकारियां यहां दी जा रही हैं।

1. सबसे पहले तो आप अपने ब्रश करने के तरीके पर ध्यान दें। यह भी दांत दर्द का कारण हो सकता है। एक्स्ट्रा साॅफ्ट ब्रश चुनें। कड़क ब्रिसल्स से दांत घिसने लगते हैं।ऊपरी परत घिसने से गर्म-ठंडा अधिक महसूस होता है। कम के कम दो से तीन मिनट तक ब्रश जरूर करें। जहां तक संभव हो, मीठा खाने के बाद दांत साफ करें। गर्म चाय या दूध पीने से बचें।

2.पाचन संबंधी समस्याएं और एसिडिटी भी दांतों में ठंडा गरम लगने का एक बड़ा कारण हैं। एसिडिटी होने पर पेट में मौजूद एसिड खट्टे पानी के रूप में मुंह में आता है। इससे दांतों के ऊपर मौजूद कैल्शियम की परत का एसिड से संपर्क होता है और यह परत गलने लगती है। इस कारण दांत कमजोर होते हैं और ठंडा या गर्म खाने-पीने से सरसराहट पैदा करते हैं। एसिडिटी महसूस हो तो थोड़ा अदरक चबाएं। साथ ही एसिडिटी से प्रायः परेशान रहने वाले लोग आंवले का सेवन करें। विटामिन-सी से भरपूर आंवला पेट के दर्द और एसिडिटी में राहत देता है।

3. ठंडा पानी पीने से बचें। तापमान कम होने के कारण सामान्य पानी भी बहुत ठंडा लगता है। इसलिए गुनगुना पानी पिएं। ज्यादा गर्म खाना न खाएं।

4. ठंड में दांतों में दर्द का एक बड़ा कारण है चाय-कॉफी के साथ ही सिगरेट, तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन। यह दांतों के मसूड़ों को कमजोर कर देते है। इन चीज़ों से परहेज करें।

5.दही और चीज में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम और प्रोटीन पाया जाता है जो दांतों को मजबूत रखता है। एक कप ताज़ा दही कुछ फलों के साथ खाने से दांतों में झनझनाहट नहीं होती है। याद रखें सर्दी में खट्टे दही से परहेज करें।

6.फाइबर से मुंह में अधिक लार बनता है जिससे दांतों को नुकसान पहुंचाने वाले पदार्थ साफ हो जाते हैं। गाजर, चुकंदर, ब्रोकली, आलू आदि सब्जियां दांतों के लिए फायदेमंद हैं।

7. काजू, बादाम और अखरोट जैसे मेवों का सेवन करना दांतों के लिए फायदेमंद है। मेवों में विटामिन और खनिज पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं जो सेंसिटिव दांतों के लिए अच्छे होते हैं।

8. सुपारी खाने की आदत तत्काल छोड़ दें। बता दें कि सुपारी खाने से दांत घिस जाते हैं और इस तरह यह सेंसिटिव हो जाते हैं।

9. यदि दर्द बहुत ज्यादा है तो त्वरित उपाय के तौर पर आप फिटकरी पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। दांतों में दर्द से छुटकारा पाने के लिए फिटकरी के पाउडर दर्द वाली जगह पर लगाएं।

10. इसके साथ ही बेहतर दांतों के लिए नीम के पत्तों का सेवन जरूर करें।यह दर्द को दूर करने में मदद करता है या फिर नीम के तेल को दर्द वाले स्थान पर लगाएं।

11. सेंसिटिव दांतों के लिए स्पेशल टूथपेस्ट आते हैं उनका उपयोग करें। यह दांतों को स्वस्थ रखने में मदद करेगा।

यदि समस्या बनी हुई है तो एक्सपर्ट्स से मिलें और उनकी सलाह के मुताबिक विशेष प्रकार के पेस्ट से दांतों और मसूड़ों की मालिश करें। वैसे भी हर 6 महीने पर दांतों की जांच जरूर करवाएं। इससे आपको दांतों में हो रही कैविटी का पता चल सकेगा और दर्द की परेशानी दूर होगी।

Tags:    

Similar News