तीसरी लहर का खतरा: 24 घंटे में 27000 से ज्यादा केस, Omicron के मामले 1500 पार... 284 लोगों की मौत
मुंबई 2 जनवरी 2021. देशभर में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा सत्ताइस हजार के आंकड़े को पार कर गया है. 1 दिन में कोरोना से 284 लोगों की मौत हुई है. एक बार फिर कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1 लाख के पार जाने लगी है. सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,000 से ज्यादा नए कोरोना केस हैं. कोरोना के ओमिक्रॉन वैरियंट के केस भी तेजी से फैल रहे हैं. पूरे देश के आंकड़े देखें तो अब तक ओमिक्रॉन के 1500 से ज्यादा मामले सामने आए हैं.
महाराष्ट्र में ओमीक्रोन संक्रमण के सबसे अधिक 460 मामले सामने आए हैं और इसके बाद दिल्ली में 351, गुजरात में 136, तमिलनाडु में 117 और केरल में 109 मामले सामने आए हैं। राजधानी दिल्ली की करें तो यहां 24 घंटे के भीतर 2716 नए कोरोना केस दर्ज किए गए, तो वहीं महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 9170 केस सामने आए हैं। महाराष्ट्र में 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं दिल्ली में एक मरीज की कोरोना से जान चली गई है। वहीं यूपी में 24 घंटे के भीतर 383 नए कोरोना केस रिकॉर्ड किए गए। बंगाल में भी एक दिन में 4 हजार 512 नए मामले सामने आए। बंगाल में 24 घंटे के भीतर 9 लोगों की मौत भी हो गई।