Punjabi pindi chhole recipe - बैसाखी पर ट्राय कीजिए पंजाबी पिंडी छोले रैसिपी, खास मसालों की महक आस-पड़ोस तक पहुंच जाएगी, थोड़ा ज्यादा बनाइयेगा...
Punjabi pindi chhole recipe - पंजाब की बहुत खास, रिच और क्लासिक डिश है पिंडी छोले। बैसाखी पर पिंडी छोले खासकर बनते हैं। घर के बने खास मसाले का पाउडर इसे शानदार खुशबू देता है। जब आप मसाला भूनते हैं तो उसकी महक दूर -दूर तक जाती है। चायपत्ती से मिली सांवली रंगत और आमचूर और अनारदाना पाउडर से मिला हल्का खट्टापन इसे और स्वादिष्ट बनाता है। इसे रोटी, नान, कुलचे, भटूरे या फिर ज़ीरा राइस के साथ खाइए,लाजवाब स्वाद सबका मन खुश कर देगा।
पिंडी छोले बनाने के लिए आपको चाहिए
० काबुली चने /छोले- 1 कप
० टी बैग-1
० दालचीनी - 1 इंच
० तेज पत्ता-1
० बड़ी इलायची-3
० लौंग - 3
० बेकिंग सोडा-¼ टी स्पून
० नमक-आधा टी स्पून
० पानी- 3 कप
ग्रेवी के लिए
० तेल- 3 बड़े चम्मच
० तेज पत्ता- 1
० प्याज- 2 बारीक कटे हुए
० अदरक लहसुन का पेस्ट- 1 टी स्पून
० हरी मिर्च-1
० टमाटर-3 बारीक कटे हुए
० नमक- आधा टी स्पून या स्वादानुसार
० हरा धनिया- सजाने के लिए
चना मसाला मसाला पाउडर के लिए
० जीरा - ½ टी स्पून
० खड़ा धनिया/ धनिया बीज- 1 टी स्पून
० शाही जीरा- ¼ टी स्पून
० काली मिर्च- ¼ टी स्पून
० सौंफ - ¼ टी स्पून
० कसूरी मेथी- 1टी स्पून
० लौंग-इलायची-2 नग
० सूखी लाल मिर्च - 3
० हल्दी-¼ टी स्पून
० आमचूर पाउडर- 1/4 टी स्पून
० अनार पाउडर-1/4 टी स्पून
० हींग- चुटकी भर
पिंडी छोले बनाने के लिए छोले कम से कम 8 घंटे के लिए या रात भर पानी में भिगोकर रखें। अब इन्हें प्रेशर कुकर में डालें। साथ में टी बैग, दालचीनी, तेज पत्ता, लौंग-इलायची, सूती कपड़े की एक छोटी सी पोटली में बांधकर डालें। अब इसमें तीन कप पानी, खाना बनाने का सोडा या बेकिंग सोडा और नमक भी मिलाएं। प्रेशर कुकर को गैस पर चढ़ा दें। आंच तेज रखें। एक सीटी आने के बाद गैस की आंच कम कर दें। और चार सीटी लें। अब गैस बंद कर दें। कुकर खुलने पर पोटली निकाल कर अलग कर दें। इस पोटली को डालने का मकसद यह है कि आपके छोलों को चाय की रंगत और खड़े मसालों का फ्लेवर मिले। आपके उबले छोले तैयार हैं।
पंजाबी पिंडी छोले की खासियत है उसका मसाला। यही उसे खास बनाता है। इसके लिए चना मसाला पाउडर के लिए दिए गए खड़े मसालों को लो फ्लेम पर भीनी-भीनी सुगंध आने तक एक कड़ाही में ड्राय रोस्ट करें। अच्छी तरह भूनने के बाद इसे ठंडा करें और महीन पीस लें। अब इसमें दिए गए बाकी पाउडर मसाले हल्दी,आमचूर,अनार पाउडर और चुटकी भर हींग डालें।एक बार और मिक्स करें। आपका चना मसाला पाउडर तैयार है।
अब आपकी बेसिक तैयारी हो गई है। अब पिंडी छोले बनाना शुरू करते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक बड़ी कड़ाई में 3 बड़े चम्मच तेल गरम करें और इसमें 1 तेज पत्ता डालें। कुछ सेकंड के बाद इसमें बारीक कटी प्याज़ डालें। दो मिनट भूनें अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें।प्याज को सुनहरा भूरा होने तक पकाएं। अब तैयार पिंडी छोले मसाला तीन चम्मच डालें। अच्छे से भूनें जिससे मसालों की बहुत अच्छी खुशबू आने लगे। इसके बाद कटे टमाटर डालें और अच्छी तरह पकाएं। तब तक पकाएं जब तक की मसाला तेल न छोड़ दे। अब पका हुआ चना डालें और अच्छी तरह मिलाएं। स्वादानुसार नमक डालें और थोड़ा सा पानी डालें। पिंडी छोले गाढ़े ही अच्छे लगते हैं। ढंककर 15 मिनट के लिए पकाएं। हाथों से मसलकर कसूरी मेथी डालें। दो मिनट और पकाएं। अच्छी थिकनेस के लिए आप कुछ छोले मैश भी कर सकते हैं। एक चम्मच शुद्ध घी गर्म करें इसमें एक हरी मिर्च और थोड़ी सी अदरख के बारीक लच्छे का तड़का दें और इसे तैयार सब्ज़ी पर पलट दें और तुरंत ढंक दें।एक मिनट बाद गैस बंद कर दें। बारीक कटे हरे धनिया से सजाएं। आपके पंजाबी पिंडी चने तैयार हैं। इन्हें रोटी, नान, कुलचे या जीरा राइस के साथ गर्मागर्म परोसें।