Pattagobhi Ke Pakaude Ki Recipe: प्याज-आलू के नहीं इस बार बनाइए पत्तागोभी के गरमा गरम पकौड़े, यूनीक टेस्ट हैरान कर देगा, पढ़िए रेसिपी...

Update: 2023-05-05 09:49 GMT

Pattagobhi Ke Pakaude Ki Recipe : इस बार बेमौसम बारिश बहुत हो रही है। और बारिश तो बारिश है। बारिश हो तो चाय के साथ पकौड़ों की तलब लग ही जाती है। इस बार बारिश हो तो आलू-प्याज के नहीं, पत्तागोभी के पकौड़े बना कर देखिए। इनका स्वाद एकदम अनोखा है। आपको बड़ा अफसोस होगा कि अब तक पत्तागोभी के पकौड़े क्यों नहीं खाए। तो चलिए जानते हैं इसकी रैसिपी।

इसे बनाने के लिए आपको चाहिए

  • पत्तागोभी - 2 कटोरी(पतले लच्छों में कटी)
  • प्याज-1 बड़ा
  • कॉर्नफ्लोर- 3 छोटे चम्मच
  • चावल का आटा या बेसन- 4 बड़े चम्मच
  • पानी - 1/2 कटोरी
  • नमक- 1/2 छोटा चम्मच
  • मिर्च पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
  • हल्दी- 1/4 छोटा चम्मच
  • हींग- दो चुटकी
  • हरी मिर्च - 1 बारीक कटी हुई
  • हरा धनिया- 2 चम्मच बारीक कटा हुआ
  • खाने का सोडा - 2 चुटकी
  • खाने का नारंगी रंग-2-3 ड्राॅप ( ऑप्शनल)
  • टोमैटो कैचप
  • तेल- पकौड़े तलने के लिए

पत्तागोभी के पकौड़े ऐसे बनाएं

1. पत्तागोभी और प्याज को बारीक लंबे-पतले लच्छों में काटें। अब इसमें कॉर्नफ्लोर और चावल का आटा मिलाएं। चावल के आटे की जगह आप बेसन का भी प्रयोग कर सकते हैं। पर पत्तागोभी के पकौड़े चावल के आटे से ज्यादा क्रंची और टेस्टी बनते हैं।

2. अब इसमें शेष सामग्री भी डालें। पत्तागोभी के पकौड़ों में हींग का टेस्ट जबरदस्त आता है। इसलिए इसे न भूलें। पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालें जिससे थिक बैटर तैयार हो। किसी भी हालत में बैटर पतला नहीं होना चाहिए। बल्कि इसे नार्मल पकौड़ों से ज्यादा थिक होना चाहिए। अब पांच मिनट के लिए बैटर को साइड रख दें।

3. एक कड़ाही में पर्याप्त तेल डालें। और मध्यम आंच पर गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो एक-एक कर पकौड़े तेल में छोड़ते जाएं। कम गर्म तेल में तलने पर पकौड़ों में तेल भर जाता है।

4. ध्यान रहे इन पकौड़ों का आकार एकदम छोटा न रहे। ये पकौड़े मीडियम साइज़ के (बड़े नींबू के आकार के) ही बढ़िया टेस्ट देते हैं। जब पकौड़े हल्के गोल्डन ब्राउन होने लगें तो आंच कम कर दें। कुछ सेकंड बाद आपके करारे-करारे पकौड़े तैयार हो जाएंगे।

5. अब पकौड़ों को पेपर नेपकिन पर निकालें, जो अतिरिक्त तेल सोख लेगा। अब गर्मागर्म पत्तागोभी के पकौड़े टाॅमैटो कैचप के साथ सर्व कीजिए।

Full View

Similar News