Mango Ice-cream recipe : आम के सीज़न में मैंगो आइसक्रीम न बनाई तो क्या बनाया, पढ़िए क्रीमी-टेस्टी मैंगो आइसक्रीम की रेसिपी...

Update: 2023-05-13 14:37 GMT

Mango Lce-Cream Recipe : आम का सीज़न आए और आम की आइसक्रीम न बने, तो भला कैसे बात बने। घर पर क्रीमी मैंगो आइसक्रीम बनाना बहुत आसान है। फिर घर पर इसे बनाने का एक एडवांटेज यह भी है कि आप खूब सारी क्वांटिटी में इसे बना सकते हैं। यह एकदम शुद्ध और प्रिज़रवेटिव्स से फ्री होगी और नेचुरल टेस्ट देगी। तो चलिए बनाते हैं खूब सारी मैंगो आइसक्रीम। जिससे मैंगो आइसक्रीम लवर्स का कप भरता ही जाए और साथ ही चेहरे की खुशी भी बढ़ती ही जाए।

इसे बनाने के लिए आपको चाहिए

  • आम - 3 बड़े
  • दूध - 1 लीटर (फुल क्रीम)
  • ताजी मलाई -1 से डेढ़ कप
  • चीनी - 1 कप
  • कार्न फ्लोर - 3 बड़े चम्मच

आपको कंटेनर के साइज़ के हिसाब से फाॅइल की भी ज़रूरत होगी।

मैंगो आइसक्रीम ऐसे बनाएं

1. पहले से गर्म किए दूध में से एक कटोरी दूध को अलग रखकर बाकी दूध को दोबारा गरम करने रखिए। इसे अच्छी तरह उबलने दीजिए।

2. इस बीच आम धो कर छील लीजिए। अब एक आम का आधा हिस्सा अलग रख दीजिए। बाकी के आम को छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सी के ब्लैंडर जार में डाल दीजिए। इसी में शक्कर डालें और मैंगो प्यूरी बना लें।

3. कटोरी के दूध में कार्न फ्लोर डालकर गांठ रहित घोल बना लीजिए। अब इसे उबलते हुए दूध में पलट दीजिए और दूध को लगातार चलाते रहिए। जिससे ये तली में न चिपके। दूध अधिकतम 5 से 7 मिनट में गाढ़ा हो जाएगा। अब गैस बंद कर दें। आइसक्रीम के लिये आपका गाढ़ा-गाढ़ा दूध तैयार है। इसे ठंडा होने रख दीजिए।

4. अब दूध में मैंगो प्यूरी और मलाई मिलाकर अच्छे से चला लीजिए। अब अपने जार के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा करते हुए सारा दूध ब्लैंड कर लीजिए।

5. आपने आम का जो आधा पीस बचाया है, उसके बारीक- बारीक टुकड़े कर तैयार दूध में डाल दीजिए।आइसक्रीम खाते वक्त मुंह में आने वाले इन टुकड़ों को बच्चे बहुत पसंद करते हैं। हालांकि आप न चाहें तो आम के टुकड़े न डालें।

6. जिस कंटेनर में आप को आइसक्रीम जमानी है, उसमें तैयार आम वाला दूध भर दीजिए। उसे हल्का सा टैप कीजिए। अब सिल्वर फाॅइल से कवर कर दीजिए। इससे आइसक्रीम अच्छी जमती है। उसमें बर्फ की किरच नहीं आती है। अब इसे फ्रीज़र में रख दीजिए। 3-4 घंटे बाद आइसक्रीम को बाहर निकालकर रूम टैंपरेचर पर रख दीजिए। थोड़ा पिघलने लगे तो एक-दो बार और मिक्सी में चला लीजिए। फिर दोबारा फाॅइल से कवर कर वापस जमने के लिए रख दीजिए। 7-8 घंटे बाद आपकी क्रीमी- साॅफ्ट मैंगो आइसक्रीम खाने के लिए तैयार हो जाएगी।

Full View

Tags:    

Similar News