Kitchen cleaning hacks: किचन और बर्तनों को चुटकियों में साफ कीजिए इन किचन क्लीनिंग हैक्स की मदद से, चमचमाहट से दिल हो जाएगा खुश, तारीफ़ भी होगी....

Update: 2023-06-12 13:52 GMT

Kitchen cleaning hacks : किचन की बात हो तो साफ-सफाई का सवाल उठेगा ही। जिद्दी दाग और गंदगी, जी का जंजाल न बने,ये तो हो ही नहीं सकता। हर घर को इन समस्याओं से दो-चार होना ही पड़ता है। तंग करने वाली इन समस्याओं से चुटकियों में कैसे निपटा जाए ये आज हम आपको बता रहे हैं इन किचन क्लीनिंग हैैक्स के जरिए। तो आइए चुटकियों में सफाई के ये शानदार तरीके फटाफट जान लेते हैं।

1. जले हुए बर्तन करें चुटकियों में साफ

० आमतौर पर बर्तनों की पिछला हिस्सा जो आग के संपर्क में आता है, वो रोजाना के इस्तेमाल से जल ही जाता है। इन दागों को छुड़ाना टेढ़ी खीर है। अगर आपने रगड़-रगड़ कर इनको छुड़ाने की कोशिश की तो एक तो आपका हाथ ही दर्द से भर जाएगा,दूसरा समय भी खूब लगेगा और रिजल्ट भी उम्मीद के मुताबिक नहीं आएगा। इसके लिए बहुत आसान से कुछ हैक्स ये रहे-

- आप बर्तन की जली हुई सतह पर दो चुटकी नमक और बेकिंग सोडा छिड़कें। अब इसे टिश्यू पेपर से कवर कर दें। अब आप इसके ऊपर फैलाकर सिरका डालें। दो मिनट छोड़ें और उसी टिश्यू पेपर से रगड़ दें। आपका बर्तन चमचमाने लगेगा।

- आपके घर में अगर हाल-फिलहाल व्हाइट वाॅश हुआ होगा तो पुताई वालों को आपने रेगमाल का इस्तेमाल करते जरूर देखा होगा। आप इस रेगमाल कागज़ के छोटे से टुकड़े का इस्तेमाल जले हुए बर्तन या कड़ाही जैसे कठिन बर्तनों को चमकाने के लिए कर सकती हैं।

- काला पड़ चुका तवा,पैन या कड़ाही जैसा बर्तन साफ करना हो तो बर्तन में एक चम्मच बैकिंग सोडा डालें। अब एक से दो चम्मच सिरका यानी विनेगर डालें और इसे गर्म करें। चम्मच से विनेगर को कोने कोने तक फैलाएं। एक मिनट बाद इसे स्क्रबर से रगड़ें। साफ पानी से धोएं और पोंछ लें। आपका बर्तन जगमगा जाएगा।

० प्लेटफॉर्म की गंदी किनारी ऐसे साफ करें

किचन प्लेटफार्म और सिंक के आसपास किनारियों में मैल और गंदगी इकट्ठी हो जाती है। गीले कपड़े या स्क्रबर से भी यह साफ नहीं हो पाती हैं। आप एक चाकू पर टिश्यू पेपर लपेटें और इससे किनारियों को साफ करें। आपका काम फटाफट हो जाएगा और साफसफाई भी नजर आएगी।

० गंदा लाइटर चमकेगा ये तरीका अपनाकर

गंदा लाइटर साफ करने के लिए बेकिंग सोडा,नींबू और फ्लोर क्लीनर को एक कटोरी में मिला लें। अब एक टूथब्रश लेकर इस मिक्स को लाइटर पर रगड़ें। आपके लाइटर से महीनों की गंदगी साफ हो जाएगी।

० काले पड़ चुके गैस स्टोव बर्नर को करें साफ

गैस स्टोव के बर्नर जल के काले पड़ जाते हैं और बहुत ही गंदे, पुराने दिखाई देते हैं। गैस स्टोव की सारी खूबसूरती इनके कारण गायब हो जाती है। बर्नर को दोबारा नया चमचमाता बनाने के लिए आप बर्नर का ऊपरी हिस्सा खोलें। अब इसे एक गहरे बर्तन में रखें। इस पर ईनो और फिर नींबू का रस डालें। अब एक टूथब्रश से इसे रगड़ें। आपका काला पड़ चुका बर्नर चमकने लगेगा।

० गैस का नाॅब यूं करें साफ

कुकिंग के दौरान तेल और अन्य खाद्य सामग्री हाथों में लग जाती है। फ्लेम कम-ज्यादा करने में यही सब नाॅब पर लग जाता है। ये जिद्दी चिकनाई और गंदगी इकट्ठी होते-होते मोटी परत में तब्दील हो जाती है। इसे छुड़ाने के लिए आप एक कटोरी में बेकिंग सोडा और सिरका लें। अब इसमें थोड़ा सा डिश वाॅश जैल डालें। अब इस पेस्ट से नाॅब और उसके पीछे की गंदगी स्क्रबर या टूथब्रश से साफ करें। नाॅब नया सा हो जाएगा।

० माइक्रोवेव को अंदर से यूं चमकाएं

माइक्रोवेव यूज़ करते हैं तो खाने के छींटे अंदरूनी सतहों पर उचक कर चिपक जाते हैं। चिकनाई और निशान माइक्रोवेव को न केवल गंदा दिखाते हैं, बल्कि जर्म्स भी इकट्ठा होते है। माइक्रोवेव को साफ करने के लिए आप एक माइक्रो सेफ कटोरी में सिरका लें और इसे एक मिनट के लिए गर्म करें। अब माइक्रोवेव बंद करें। कटोरी और टर्न टेबल बाहर निकाल दें। गर्म सिरके से जो भाप उठी है उसका इस्तेमाल यहां माइक्रोवेव की सफाई में होगा। आपको अलग से कुछ नहीं लगाना है। बस कपड़ा लें और माइक्रोवेव की अंदरूनी सतहों को रगड़ें। सारे दाग चले जाएंगे।

० चुटकियों में चाय के दाग ऐसे मिटाएं

कप के अंदर तली पर कई बार चाय के दाग पड़ जाते हैं। अच्छी तरह धोने के बाद भी ये नहीं छूटते। ऐसे में आप इन दागों पर टूथपेस्ट डालें और हल्का सा रगड़ें। दाग चले जाएंगे।

Full View

० फर्श से मिटाएं सिलेंडर के दाग

आप जहां गैस सिलेंडर रखते हैं, वहां फर्श पर उसके जंग का निशान पड़ जाता है। ये निशान रगड़- रगड़ कर पोछा लगाने पर भी नहीं छूटता। इसके लिए आप आधा कटा नींबू लें और उसपर आधे से एक चम्मच बेकिंग सोडा डालें। अब नींबू को दाग पर रगड़ें। केवल दो मिनट में दाग छूट जाएगा।

Tags:    

Similar News