Kapur Ke Fayde: आरती के वक्त जलाते हैं कपूर! उसी कपूर के कमाल के स्वास्थ्य लाभ यहां जानिए...
Kapur Ke Fayde: हिंदू धर्म में पूजा करते वक्त आरती के दौरान कपूर जलाने की परंपरा है। कपूर जलाने से एक अद्भुत सुगंधित माहौल बनता है जिसे शब्दों में बताना भी मुश्किल है। कपूर की सुगंध मन को सकारात्मकता से भर देती है और शांत करती है।
Kapur Ke Fayde: हिंदू धर्म में पूजा करते वक्त आरती के दौरान कपूर जलाने की परंपरा है। कपूर जलाने से एक अद्भुत सुगंधित माहौल बनता है जिसे शब्दों में बताना भी मुश्किल है। कपूर की सुगंध मन को सकारात्मकता से भर देती है और शांत करती है। कपूर जलाने से वातावरण भी शुद्ध होता है। यही कपूर आपके स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है। स्वाइन फ्लू के दौरान घर-घर में इसे पोटली में बांध के परिजनों को अपने पास रखने और सूंघते रहने को दिया गया था जिससे उनका इस फ्लू से बचाव हो। आइये जानते हैं इसी कपूर के कुछ अन्य स्वास्थ्य लाभ।
सर्दी - खांसी से राहत
कपूर की सुगंध श्वसन मार्ग खोलने में मदद करती है। यह जुकाम, खांसी और ब्रोंकाइटिस जैसी समस्याओं में उपयोगी होता है। आप एक कपड़े में कपूर की चार-पांच टिकिया रखें और इसे पोटली की तरह बांध लें। इसे थोड़ी-थोड़ी देर में सूंघते रहने से बंद नाक खुलती है और श्वसन मार्ग साफ होता है। वहीं खांसी होने पर आप कपूर या कपूर के तेल को सरसों के तेल में मिलाकर छाती की मालिश करें तो आपको निश्चित फायदा होगा।
सिरदर्द में राहत
सर दर्द से सभी कभी ना कभी परेशान होते हैं। अत्यधिक सीर दर्द की स्थिति में आप कपूर की एक-दो टिकिया को पीसकर इसका पाउडर बना लें और इस पर नींबू निचोड़े। अब इसे अपने माथे पर लगाएं जिससे आपका सिर दर्द छूमंतर हो जाएगा। आप कपूर के तेल को किसी करियर ऑयल में मिलकर भी माथे पर लगा सकते हैं।
बवासीर से राहत
बवासीर बहुत दर्दनाक स्थिति है जिसमें मलद्वार में सूजन हो जाती है और मल त्याग बहुत कठिन हो जाता है। आप कपूर के तेल को नारियल के तेल में मिलाकर सूजन वाले हिस्से में लगा सकते हैं जिससे आपको सूजन से काफी राहत मिलेगी।
स्किन इंफेक्शन से राहत
कपूर के तेल को नारियल या सरसों के तेल में मिलाकर स्किन इन्फेक्शन वाली जगह पर लगाएं। इससे संक्रमण, फुंसियों और खुजली में राहत मिलती है। ध्यान रहे कि इसे लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें क्योंकि कपूर लगाने से कुछ लोगों को काफी जलन होती है। और यह भी ध्यान रखें कि यह बच्चों से दूर रहे। इसके अलावा यह मिश्रण मुंह और आंखों के पास बिलकुल न जाने पाए।
दर्द और ऐंठन से राहत
शरीर के किसी हिस्से में बहुत दर्द हो रहा हो तब भी आप कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। खासकर कपूर के तेल को किसी करियर ऑयल में मिलाकर प्रभावित हिस्से की मालिश करने पर दर्द से तुरंत राहत मिलती है। यही वजह है कि यह कई ऑस्टियोआर्थराइटिस से जुड़े तेल या मलहम में एक प्रमुख घटक होता है ।
फटी एड़ियों से राहत
अगर आपकी एड़ियां बहुत फट गई हैं तो आप एक टब में गर्म पानी लें और उसमें कपूर की 5-7 टिकिया डालें और कुछ देर उसमें पैर डुबोकर बैठे। इससे आपकी फटी एड़ियां जल्दी ठीक होंगी।
डैंड्रफ से राहत
कपूर डैंड्रफ और उसके कारण होने वाली सिर की खुजली से राहत देता है। इसके लिए भी आप इसे नारियल के तेल में मिलाकर सिर की मालिश कर सकते हैं।
बेहतर नींद लाने में मदद
अगर आपको रात को अच्छी नींद नहीं आती यानी नींद डिस्टर्ब रहती है तो आप सोने से पहले कपूर के पाउडर को देसी घी में मिलाएं और उससे पैर के तलवों की मालिश करें। इससे आपको अच्छी नींद आएगी।
सामान्य जलने पर दवा समान
अगर सामान्य तौर पर कहीं स्किन जल गई हो तब भी कपूर युक्त मलहम लगाने से ठंडक मिलती है।
मानसिक तनाव से राहत
कपूर की सुगंध मन को शांत करती है और तनाव से राहत देती है। आप रात को सोते समय इसे किसी कपड़े में बांधकर अपनी तकिया के नीचे रख सकते हैं। इसकी हल्की-हल्की सुगंध आपके दिमाग को शांत करेगी। आप कपूर को जला कर भी छोड़ सकते हैं।
मच्छरों से राहत
अगर आपके घर में बहुत सारे मच्छर हो गए हैं तो आप कमरे के किसी कोने में कपूर जलाएं इससे मच्छर भागेंगे। या फिर आपके पास डिफ्यूज़र हो तो आप उसमें कपूर की कुछ टिकिया डालें और उसके ऊपर नीम का तेल डालकर छोड़ दें। यह आपको रात भर मच्छरों से राहत देगा और चैन से सोने देगा।