Gul-E-Firdaus kheer: शाही-क्रीमी-लच्छेदार हैदराबादी गुल-ए- फ़िरदौस खीर रेसिपी, ईद पर खाएं-खिलाएं, रिश्तों की मिठास बढ़ाएं...
Gul-E-Firdaus Kheer : आपने चावल, लौकी और साबूदाने की खीर अलग- अलग बनाई होगी, है न! लेकिन ये खास हैदराबादी खीर 'गुल- ए- फिरदौस' इन तीनों का मिश्रण है। पकाने का तरीका थोड़ा अलग है लेकिन स्वाद भी उतना ही बेजोड़ है। खासकर इफ़्तार और शादी की पार्टियों में यह खीर परोसी जाती है और हाथों- हाथ उठ जाती है। तो ऐसी खास रेसिपी हम सब क्यों न बनाना सीखें? आइए स्टेप बाय स्टेप इसे बनाने का तरीका पढ़ते हैं...।
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए
- दूध - 2 लीटर (उबला हुआ)
- साबूदाना - 1/4 कप
- बासमती चावल-1/4 कप
- कद्दूकस की हुई लौकी-3/4 कप
- शक्कर - 1/4 कप
- कंडेंस्ड मिल्क-3/4 कप
- देसी घी- 1 टेबल स्पून
- इलाइची पाउडर - 1/4 छोटा चम्मच
- केसर के धागे-8-10
- बादाम 8-10
काजू-तीन चम्मच भिगा कर पीसे हुए
- पिस्ता - 5-6
- गुलाब जल-1 टी स्पून
- गुल-ए-फ़िरदौस खीर ऐसे बनाएं
1. चावल को साफ कर पानी से धो लें। धोने के बाद चावल को एक कपड़े पर अच्छी तरह फैला दें। जिससे इसका पानी काफी हद तक सूख जाए। अब इसे दरदरा पीस लें।
2. साबूदाना धो कर आधे घंटे के लिए भिगो दें। पानी का लेवल साबूदाने से थोड़ा ज्यादा रहे। लौकी को भी खीर बनाना शुरू करते टाइम ही कीसें। केसर के धागे एक छोटे चम्मच गुनगुने दूध में भिगो कर रखें|
3. अब खीर बनाना शुरू करते हैं। आप दो पैन लें। एक पैन में घी गर्म कीजिए। इसमें बादाम तल कर निकाल लें। अब बचे हुए इसी घी में किसी हुई लौकी भून लें। अब आधा दूध इसमें डालें और धीमी आंच पर उबलने दें। जब तक लौकी पक न जाए। इसमें करीब 5-7 मिनट का समय लगेगा।
4. दूसरे पैन में बाकी दूध लें। इसमें दरदरा पिसा चावल डालकर धीमी आंच पर 5से 7मिनट पकाएं। अब इसी में भीगा हुआ साबूदाना डालकर 3-4मिनट धीमी गैस पर पकाएं। लगातार चलाते रहें। अब शक्कर डालें। खीर की कंसिस्टेंसी आने तक पकाएं।
5. अब इलाइची पाउडर और दूध में भीगे केसर के धागे मिलाएं, कन्डेन्स्ड मिल्क, काजू पेस्ट डालें। 1-2 मिनट पकाएं और गैस बंद करें| अब गुलाब जल डालें। इससे खीर में राॅयल ख़ुशबू आएगी। खीर को बादाम कतरन और पिस्ता से गार्निश करें | आपकी शानदार ' गुल-ए-फ़िरदौस खीर' पेश करने के लिए तैयार है। ये शाही-क्रीमी - लच्छेदार खीर खाकर लोग आपके हुनर के कायल हो जाएंगे।