Daily Habits That Damage Your Brain: रोजाना की ये आदतें पहुंचाती हैं आपके दिमाग को नुकसान...
Daily Habits That Damage Your Brain: रोजाना की ये आदतें पहुंचाती हैं आपके दिमाग को नुकसान...
Daily Habits That Damage Your Brain: सामान्य जीवन जीते हुए हम अनजाने में कुछ ऐसी आदतें डाल लेते हैं जो धीरे-धीरे हमारे दिमाग को कमजोर बनाने लगती हैं और हमें इस बात का अंदाजा ही नहीं होता। लेकिन चूंकि दिमाग हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है और हमारी सभी गतिविधियां उस पर निर्भर हैं इसलिए अपने दिमाग को खुद ही कमजोर करना एक भारी गलती है। इस लेख में हम ऐसी ही कुछ खास आदतों की चर्चा कर रहे हैं। पढ़िए और समय रहते सुधार कीजिए अगर आप भी इन आदतों के शिकार हैं।
फिज़िकल एक्टिविटी की कमी
हमारे यहां अधिकतर लोगों के जीवन में फिजिकल एक्टिविटी की कमी है। जबकि हर दिन कम से कम 30 मिनट और हो सके तो 1 घंटे तक व्यायाम करना आपके लिए बहुत जरूरी है। इससे शरीर तो स्वस्थ रहता ही है, दिमाग की कार्य क्षमता भी बढ़ती है। वहीं अगर आप निष्क्रिय जीवन जीते हैं तो दिमाग की कार्यक्षमता कम होने लगती है।
क्या करें
सिंपल बात है कि एक्टिविटी बढ़ाएं। बात जिम जाकर हैवी एक्सरसाइज करने की नहीं है। आप रोज वॉक कर सकते हैं, योग कर सकते हैं और अपनी मनपसंद दूसरी एक्टिविटीज कर सकते हैं। इससे शरीर के साथ दिमाग को भी बहुत फायदा होगा।
नींद की कमी
हर जगह आपने पढ़ा होगा कि 7 से 8 घंटे की नींद बहुत जरूरी है। नींद के दौरान हमारा शरीर रिकवरी करता है। पर्याप्त नींद ना लेने से हमारे दिमाग पर बुरा असर पड़ता है। लंबे समय तक नींद की कमी दिमागी कोशिकाओं को स्थायी रूप से नुकसान पहुंचा सकती है। इससे हमारी याददाश्त और एकाग्रता कमजोर होती है।
क्या करें
जैसे आप बाकी चीजों के लिए समय निर्धारित करते हैं वैसे सोने का भी तय समय बनाएं और उसे फॉलो करने का प्रयास करें। जिससे आपको सोने के लिए पर्याप्त घंटे मिलें। आरामदायक नींद का प्रबंध करें। सोने से एक घंटे पहले मोबाइल से दूरी बनाएं।
अधिक शक्कर का सेवन
शक्कर का अधिक मात्रा में सेवन शरीर में मोटापा तो बढ़ाता ही है, दिमाग को भी कमजोर करता है। हेल्थ साइट के अनुसार ज़्यादा शक्कर खाने से याददाश्त कमज़ोर होती है और न्यूरल कनेक्शन प्रभावित होते हैं।
क्या करें
रोजाना की चीजों में शक्कर का प्रयोग कम से कम करें। शक्कर को गुड़, खजूर, अंजीर, फल जैसी चीजों से रिप्लेस करें। शुगरी ड्रिंक, केक-पेस्ट्री, पैकेज्ड स्नैक्स कम से कम खाएं।
ब्रेकफास्ट स्किप करना
समय की कमी, भागदौड़ और आलस के चलते अगर आप ब्रेकफास्ट को स्किप कर जाते हैं तो यह आपकी एक बड़ी गलती है। शरीर को लंबे अंतराल के बाद एनर्जी के लिए हेल्दी ब्रेकफास्ट चाहिए जिसमें प्रोटीन, फाइबर जैसी चीजें जरूर है। सुबह नाश्ता न करने से दिमाग को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती, जिससे थकावट और ध्यान की कमी हो सकती है।
क्या करें
सुबह उठने के एक घंटे के अंदर प्रोटीन और फाइबर से भरपूर नाश्ता लें। आप दूध, अंडे, फल, दलिया, ओट्स, पोहे जैसी चीज़ें ले सकते हैं।
अत्यधिक तनाव
तनाव हर किसी की जिंदगी का हिस्सा है लेकिन जरूरत से ज्यादा तनाव लेने से दिमाग की कार्य प्रणाली और क्षमता पर बुरा असर पड़ता है।
क्या करें
तनाव को मैनेज करना सीखें। योग और ध्यान की मदद लें। बातों से विवादों को सुलझाने का प्रयास करें। उन्हें लंबे समय तक मन में रखकर ना चलें क्योंकि यह बोझ दिमाग पर अनावश्यक दबाव डालता है। उसे कमजोर करता है।
स्क्रीन टाइम ज्यादा होना
आज की डेट में सभी का स्क्रीन टाइम ज्यादा हो रहा है। ऑफिस में तो कंप्यूटर और लैपटॉप पर काम करने की मजबूरी है ही, इसके अलावा घंटों ओटीटी पर समय बिताना, रील्स देखना बहुत सारा समय लेता है। मोबाइल लैपटॉप या टीवी देखने से एकाग्रता, स्मरण शक्ति, और नींद पर भी असर पड़ता है।
क्या करें
प्रयास कर स्क्रीन टाइम घटाएं। हर आधे घंटे बाद छोटा ब्रेक लें। मन बदलने के लिए किताबें पढ़ें जिससे दिमाग को अधिक फायदा होगा।
कम पानी पीना
हम हमेशा से पढ़ते आए हैं कि शरीर को पर्याप्त पानी की जरूरत है वरना उसकी कार्य प्रणाली प्रभावित होती है। लेकिन क्या आपको पता है कि पानी की कमी से दिमाग की कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है। इससे सिरदर्द, थकान और चिड़चिड़ापन हो सकता है।
क्या करें
दिन में कम से कम 7-8 गिलास पानी ज़रूर पिएं। हर घंटे में अलार्म सेट करें जिससे आपको पानी पीने का ध्यान आए। प्यास लगने से पहले ही पानी पिएं। सादा पानी पीना बोरिंग लगता हो तो नींबू पानी या नारियल पानी जैसी चीजें पी सकते हैं।
अकेलापन
अकेलापन भी दिमाग को कमजोर करता है और डिप्रेशन की ओर ले जाता है।
क्या करें
मन बदलने के लिए बहुत जरूरी है कि आप लोगों से संपर्क बढ़ाएं। आप अपनी रुचि की कोई क्लास अटेंड कर सकते हैं, क्लब जाॅइन कर सकते हैं और अपने जैसे लोगों का एक सर्कल बना सकते हैं। लोगों से घुलने- मिलने, बातें करने से अकेलापन दूर होगा और आप खुद को खुश महसूस करेंगे जिसका फायदा दिमाग को मिलेगा।
नशा छोड़ें
स्मोकिंग और ड्रिंकिंग की आदतें दिमाग के लिए बहुत खतरनाक हैं। ये दिमाग की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाती हैं।
क्या करें
इन बुरी आदतों को छोड़ने के लिए तत्काल दृढ़निश्चय करें। प्रोफेशनल हेल्प भी ले सकते हैं।
दिमाग को चुनौती न देना
अगर आप हमेशा एक सा ही काम करते रहेंगे तो आपके दिमाग को चुनौतियां नहीं मिलेगी और इससे दिमाग कमजोर होगा।
क्या करें
नई स्किल सीखें। नई भाषा या कला के किसी नए फार्म में हाथ आजमाएं। वर्ग पहेलियां, सुडोकू हल करें। किताबें पढ़ें। घूमने के लिए बाहर निकलें। अपरिचितों से बात करना सीखें। कुल मिलाकर अपने दिमाग को नयी चुनौतियां दें जिससे दिमाग रिफ्रेश होगा और बेहतर परफॉर्म करेगा।