Orange Peel Face Mask: संतरे के छिलकों से बनाइये ये तीन तरह के फेस मास्क, रंग निखरेगा, एजिंग के लक्षणों से भी मिलेगी राहत
Orange Peel Face Mask: आइये जानते हैं संतरे के छिलकों का कमाल और बनाते हैं बेहतरीन फेस मास्क।जो आपकी त्वचा को जवां बनाकर रखेंगे...
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
Orange Peel Face Mask: इस समय बहुत अच्छे संतरे मार्केट में आ रहे हैं। लेकिन मज़े-मज़े से इन संतरों को खाकर छिलके मत फेंकते जाइयेगा। इन छिलकों से आप बेहतरीन फेस मास्क बना सकती हैं जो न केवल स्किन व्हाइटनिंग में मदद करेंगे बल्कि एजिंग के लक्षणों, झुर्रियों और झाइयों आदि से भी आपका बचाव करेंगे। और तो और आपकी स्किन को लंबी उम्र तक टाइट भी बना कर रखेंगे। तो फिर देर किस बात की, आइये जानते हैं संतरे के छिलकों का कमाल और बनाते हैं बेहतरीन फेस मास्क।
1. स्किन टाइटनिंग फेस मास्क
सबसे पहले आपको सबसे सिंपल फेस मास्क पर बताते हैं। इसके लिए संतरे के छिलकों को घर के अंदर ही यानी छांव में सुखा लें। जब ये छिलके तीन-चार दिन में अच्छी तरह सूख जाएं तो इन्हें पीसकर महीन पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को कांच के जार में स्टोर करके रख लें। जब भी आपको फेस मास्क लगाना हो तो दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी में एक चम्मच ऑरेंज पील पाउडर मिलाएं। ज़रूरत अनुसार पानी मिलाकर इसका पेस्ट बना लें। अब इसे अपने चेहरे पर अप्लाई करें। यह फेस मास्क आपको स्किन टाइटनिंग में बहुत मदद करेगा। साथ ही दाग-धब्बों को भी दूर करेगा।
2. स्किन ब्राइटनिंग फेस मास्क
इसे बनाने के लिए 5- 6 संतरों के छिलके इकट्ठे करें और उन्हें दो गिलास पानी में डालकर धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक पानी आधा गिलास बाकी न रह जाए। इसे ठंडा होने दें और फिर छान लें। आपका सीरम जैसा लिक्विड तैयार हो जाएगा। इसमें से अपनी जरूरत के अनुसार लिक्विड लें। उसमें दो चम्मच बेसन, एक चम्मच चावल का आटा और आधा चम्मच शहद डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर पेस्ट बनाएं। अब इसे अपनी स्किन पर अप्लाई करें। इससे अच्छी तरह मसाज करें और फिर 15 मिनट लगे रहने दें। उसके बाद धो दें। आपकी स्किन निखर जाएगी, क्लीन एंड क्लियर दिखाई देगी।
3. ग्लोइंग स्किन मास्क
इसे बनाने के लिए आपको संतरे के कच्चे छिलकों का ही इस्तेमाल करना है। आप दो संतरे के छिलके लें। और इन्हें मिक्सी के जार में डालें। साथ ही डालें एक चम्मच चावल का आटा, एक चम्मच गुलाब जल और दो चम्मच कच्चा दूध। इन सभी चीजों को साथ में पीस कर पेस्ट बना लें। अब इसमें एक चम्मच ऐलोवेरा जेल मिलाएं और अच्छी तरह मिक्स करें। अब आप इसे अपने चेहरे और हाथों पर भी लगा सकते हैं। इसे 20 मिनट के लिए स्किन पर लगा रहने दें, फिर धो दें। इस मास्क से आपको ग्लोइंग स्किन पाने में मदद मिलेगी। साथ ही मुंहासे के दागों से भी छुटकारा मिलेगा।