Raipur Cyber Fraud: रायपुर में RTO e-Challan के नाम पर ठगी, लिंक पर क्लीक करते ही मोबाइल हुआ हैक, फिर अकाउंट से कट गए पैसे

Raipur Cyber Fraud: रायपुर में RTO e-Challan के नाम पर ठगी की गई है। साइबर ठगों ने लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया और अकाउंट से पैसे निकाल लिए।

Update: 2026-02-12 08:56 GMT

फोटो सोर्स- npg.news

Raipur Cyber Fraud: रायपुर: महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश में साइबर अपराध और अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साइबर शील्ड चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में टीम ने दो अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड को पकड़ा है, जिन्होंने विनमेट एपीके का इस्तेमाल कर RTOechallan के नाम से SMS लिंक भेजकर 4.52 लाख की धोखाधड़ी की थी।      

जानिए पूरा मामला                    

रेंज साइबर थाना की टीम ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत दो ऐसे साइबर फ्रॉड को पकड़ा है, जो एंड्राइड यूजर्स को निशाना बनाते थे और विनमेट एपीके का इस्तेमाल कर हैकिंग लिंक भेजकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करते थे। इतना ही नहीं साइबर ठग ठगी की रकम को छिपाने के लिए स्विगी और इंस्टामार्ट क्विक कॉमर्स के जरीए सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी कराते थे।   

फर्जी लिंक भेजकर उड़ाए 4.52 लाख                

शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सिंह ने विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके मोबाइल में RTOechallan के नाम से SMS लिंक आया था, जिसे क्लीक करते ही उसके बैंक अकाउंट से 4.52 लाख रुपए कट गए। शिकायत के बाद रेंज साइबर थाना की टीम ने अपराध क्रमांक 8/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता, 66(D) सूचना प्रौद्योगिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। 

इस तरह करते थे ऐप का प्रचार

रेंज साइबर की टीम ने जब मामले की जांच शुरु की तो पता चला कि आरोपी यूट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टास्क कंपलीट, इंस्टेंट बोनस, रेफरल बोनस और गेम खेलकर कमाई का झांसा देकर विनमेट और विन्गो जैसे ऐप का प्रचार करते थे। ये ऐप प्ले स्टोर जैसे ऐप स्टोर पर नहीं होते थे। 

ठगी की रकम छिपाने खरीदते थे सामान 

विनमेट और विन्गो को इंस्टॉल करते ही बोनस राशि दिखाई देती है और SMS टास्क के नाम पर उसके मोबाइल नंबर पर फर्जी चालान और बोनस जैसे लिंक भेजा जता था। लिंक पर क्लीक करते ही लोगों का मोबाइल हैक हो जाता था। इसके बाद बैंक खाते या फिर ई वालेट से पैसे निकाल लिए जाते थे। साइबर ठगी करने के बाद आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए स्विगी और इंस्टामार्ट क्विक कॉमर्स के जरीए सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी कराते थे।   

राजस्थान से दो साइबर फ्रॉड गिरफ्तार 

इस तरह रेंज साइबर की टीम ने राजस्थान के बाड़मेर जिले में रहने वाले आरोपी पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20) और जोधपुर में रहने वाले नरसिंह सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रेंज साइबर की टीम ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल, सिम कार्ड और बैंक अकाउंट जब्त किया है। 

साइबर टीम ने की लोगों से अपील 

  • किसी भी प्रकार के ऑनलाइन ऐप को केवल Play Store/App Store से ही डाउनलोड करें।
  •  गारंटीड मुनाफा, रोज़ पक्का रिटर्न अथवा आसान कमाई जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
  • अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग या बैंक संबंधी अनुमति मांगने वाले ऐप्स को इंस्टॉल न करें।
  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित फर्जी लाभ, स्क्रीनशॉट अथवा प्रशंसापत्रों पर विश्वास न करें।
  • किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या कॉल के माध्यम से प्राप्त निर्देशों का पालन न करें।
  • साइबर ठगी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।            
Tags:    

Similar News