मस्तूरी गोलीकांड: फरार कांग्रेस नेता और सहयोगी पर पुलिस ने घोषित किया इनाम, जनपद उपाध्यक्ष की हत्या के लिए दी थी सुपारी

CG Crime News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर में जमीन के धंधे में अपनी चलाने और वर्चस्व स्थापित करने की जंग के बीच जमकर गोली चली थी। कांग्रेस नेता ने मस्तूरी जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष की हत्या के लिए सुपारी दी थी।

Update: 2026-02-27 05:29 GMT

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर में जमीन के धंधे में अपनी चलाने और वर्चस्व स्थापित करने की जंग के बीच जमकर गोली चली थी। कांग्रेस नेता ने मस्तूरी जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष की हत्या के लिए सुपारी दी थी। फायरिंग में जनपद उपाध्यक्ष के दो रिश्तेदार घायल हो गए थे।

पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में फरारी काट रहे कांग्रेस नेता नागेंद्र राय व उसके सहयोगी टाकेश्वर पाटले पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने मोबाइल नंबर भी पब्लिक डोमेन पर रखा है, जिसके जरिए आरोपियों की सूचना देने की अपील लोगों से की है।

बता दें कि इस घटना के मास्टरमाइंड विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए 1 लाख रुपए उपलब्ध कराए। जबकि, नागेंद्र राय भी हत्या की प्लानिंग में शामिल रहा। इसी आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, तारकेश्वर और नागेंद्र राय पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पढ़िए क्या है पूरा मामला ?

छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में 28 अक्टूबर की शाम के वक्त नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थी। फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और नीतेश सिंह के एक रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ 'राजू सिंह' के पैर पर 2 गोलियां लगीं थी। एक गोली राजू की पीठ को छूकर निकल गई थी। फायरिंग के दौरान जब बचाव में नीतेश ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से रिटर्न फायर किया, तो शूटर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

गोलीकांड: 9 आरोपी गिरफ्तार, 2 अब भी फरार

मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गोलीकांड में संलिप्तता के आरोप में कांग्रेस नेता अकबर खान समेत सभी नौ आरोपी फिलहाल जेल में हैं। कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मस्तूरी पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी। रिश्तेदारों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने घोषित किया इनाम

गाेलीकांड के बाद से फरार चल रहे आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को अब तक कामयाबी नहीं मिल पाई है। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी ने दोनों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपियों से जुड़ी कोई पुख्ता जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

आरोपी दिखे तो इन नंबरों पर कॉल कर पुलिस को दें सूचना

आरोपियों की जानकारी मिलने या कहीं दिखने पर कोई भी व्यक्ति सीधे SSP कार्यालय 07752223330, एएसपी ग्रामीण बिलासपुर 07752 223193/94791 93003, पुलिस कंट्रोल रूम 07752 228504, मोबाइल नंबर 94791 93099, थाना प्रभारी मस्तूरी 94791 93040 और थाना प्रभारी चकरभाठा 94791 93041 पर सूचना दे सकते हैं।

Tags:    

Similar News