Korba News: CG में दिन-दहाड़े नर्स पर चाकू से हमला, दो इंच घुसे चाकू के साथ युवती अस्पताल पहुंची, ड्यूटी पर जाते वक्त मंत्री बंगले के पास हमला
Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में दिन-दहाड़े नर्स पर बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। पीठ में दो इंच फंसे चाकू के साथ खून से लथपथ नर्स अस्पताल पहुंची। घायल नर्स का उपचार जारी है।
Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बदमाश ने ड्यूटी जा रही नर्स पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने यह हमला प्रदेश के उद्योग मंत्री के बंगले के पास किया। बदमाश ने चाकू से नर्स की पीठ पर हमला किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। इस घटना के बाद युवती गंभीर हालत में जमीन पर गिर गई। राहगिरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और युवती को जख्मी हालत में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानिए पूरा मामला
पीड़िता निजी अस्पताल की लैब में नर्स है। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पंप हाउस डी बंगला रोड स्थित मंत्री के बंगले के पास की है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आज (शुक्रवार) लगभग 10ः30 बजे युवती रोज की तरह अपने घर से पैदल निहारिका स्थित लैब जा रही थी। इसी दौरान पंप हाउस रोड के मंत्री बंगले के पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और पीछे से पीठ पर चाकू से हमला कर दिए। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
हमला इतना जबरदस्त था कि नर्स की पीठ पर ही चाकू फंसा रह गया। युवती चीख-पुकार करने लगी। राहगिरों ने खून से लथपथ युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल रही है।
पुलिस ने घटना को लेकर मीडिया से कहा कि पीड़िता का उपचार चल रहा है। बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों के पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा कि आरोपियों ने घटना को क्यों अंजाम दिया था।