Dhamtari News: शादी के 13 दिन बाद ससुराल में मिली दुल्हन की लाश, फंदे पर लटका था शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप...

Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शादी के 13 दिनों बाद नवविवाहिता का शव ससुराल में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव टॉयलेट में फांसी पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।

Update: 2026-03-27 08:29 GMT

Dhamtari News: धमतरी। जिले में नवविवाहिता की लाश ससुराल में फांसी के फंदे पर मिलने से हडकंप मच गया। ससुराल वालों के मुताबिक, उनकी बहू ने खूदकुशी की है। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा कि शादी के बाद से ही उनका दामाद उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कार्रवाई कर रही है।

12 मार्च को हुई थी शादी

दरअसल, यह पूरा मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र का है। ग्राम छोटी करेली निवासी कामेश की शादी गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी निवासी नूतन दीवान से 12 मार्च को हुई थी। नूतन के परिजनों ने अपनी बेटी की शादी बड़ी ही धूमधाम से की थी। शादी के महज 13 दिन बाद नूतन का शव ससुराल के टाॅयलेट के अन्दर फांसी के फंदे पर लटका मिला।

बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन रोते-बिलखते मगरलोड थाने पहुंचे और ससुराल पक्ष पर नूतन को मारने की आशंका जताई है। साथ ही जांच कर दोषी पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि मृतिका की पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

इधर, इस घटना के बाद परिजनों और गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई घटना को लेकर चर्चा करते हुए कह रहा है कि शादी के महज 13 दिनों में ही महिला ने क्यों आत्महत्या की। आखिर इसके पीछे का कारण क्या था। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कार्रवाई कर रही है।

जिले के एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने मीडिया को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शव को फंदे से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह के बारे में पता चलेगा। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News