CG: गर्लफ्रेंड की हत्या कर जलप्रपात में फेंका शव, आदिवासी थी युवती, आरोपी के पिता को नहीं था रिश्ता मंजूर, पुणे से बुलाया और दिया खौफनाक घटना को अंजाम...

CG: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पिता और दोस्त के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतारा और फिर उसके शव को जलप्रपात में फेंक दिया था।

Update: 2026-03-26 12:49 GMT

CG Kabirdham News: कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के रानीदहरा जलप्रपात के पास 19 मार्च को मिली युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। युवती की हत्या प्रेमी और उसके पिता व दोस्त ने मिलकर की थी। पुलिस से बचने तीनों ने शव को जलप्रपात में फेंक दिया था।

जानिए क्या था पूरा मामला

दरअसल, 19 मार्च को रानीदहरा जलप्रपात के पास एक युवती की लाश मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और थाना बोड़ला में धारा 103 1, 238 क, 61 2, बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। चूंकि मृतिका की पहचान अज्ञात होने पर मामले को सुलझाना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था।

कबीरधाम पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए लाश मिलने के सिर्फ दो दिनों में ही मृतिका की पहचान मुंगेली निवासी के रूप में की। युवती की पहचान होने के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने दो विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। एक टीम मृतिका के काॅल डिटेल्स व लोकेशन को खंगाल रही थी, तो दूसरी टीम घटना स्थल के आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही थी। इसी बीच मृतिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

जांच में पता चला कि मृतिका युवती मुंगेली निवासी युवक देवेन्द्र जायसवाल की प्रेमिका थी। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए संदेही देवेंद्र जायसवाल को पुणे महाराष्ट्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में देवेंद्र ज्यादा देर पुलिस को गुमराह नहीं कर पाया और हत्या करने की बात कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वो मृतिका प्रेमिका के साथ पुणे में काम करता था और दोनों वहीं रहते थे।

पिता को नही था रिश्ता मंजूर

देवेंद्र ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका प्रेम संबंध मृतिका सुखमती बैगा के साथ था, लेकिन उसके पिता को युवती पसंद नहीं थी और वो इस रिश्ते से खुश भी नहीं था। इधर, मृतिका प्रेमिका शादी करने का दबाव बना रही थी।

समाज में बदनामी के डर से आरोपी अपनी प्रेमिका से शादी नहीं कर रहा था। इसी बीच युवती से छुटकारा पाने के लिए प्रेमी के पिता ने युवती की हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी बेटा और उसका दोस्त भी इस योजना में शामिल हुआ।

केशव प्रसाद ने पुणे में रह रहे बेटे को फोन कर अपनी प्रेमिका के साथ कबीरधाम के रानीदहरा जलप्रपात में आने को कहा। 16 मार्च की शाम 6 से 7 बजे देवेंद्र प्रसाद और उसकी प्रेमिका सुखमती बैगा जलप्रपात पहुंची। इसी बीच तीनों आरोपियों ने वहां पड़े पत्थर से हमला कर युवती की हत्या कर दिए, फिर उसके शव को जलप्रपात में फेंक दिए थे।

घटना के बाद तीनों अपने-अपने घर लौट आए थे। पुलिस ने आरोपी से हुई पूछताछ के बाद केशव प्रसाद जायसवाल और मनोज पटेल को गिरफ्तार किया। तीनों ने हत्या की बात कबूल की। आरोपियों से हुए पूछताछ के बाद घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किये गए।

डमी पुतले के माध्यम से सीन रिक्रिएट

कबीरधाम पुलिस ने तीनों को गिरफतार कर घटना स्थल लाया और डमी पुतले के माध्यम से सीन रिक्रिएट कराया गया। फिलहाल तीनों के खिलाफ आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।

Similar News