महिला किसान नेता की हत्या: बॉयफ्रेंड ने मिलने बुलाकर घोंट दिया गला, फिर जला दिया शव, जानिए आखिर क्यों उठाया खौफनाक कदम
किसान नेता आंचल मिश्रा की हत्या के मामले में उसके बॉयफ्रेंड सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। सूरज ने पैसे मांगने से परेशान होकर 17 फरवरी को आंचल की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव को जला दिया था।
श्रावस्ती 05 मार्च 2026, उत्तर प्रदेश की श्रावस्ती पुलिस ने किसान नेता आंचल मिश्रा की हत्या के मामले में उसके बॉयफ्रेंड सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया है। सूरज ने पैसे मांगने से परेशान होकर 17 फरवरी को आंचल की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव को जला दिया था। 3 मार्च को मिले कंकाल के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। यह पूरा मामला मल्हीपुर थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 3 मार्च को ककरदरी रेंज के जंगल में पुलिस को एक महिला का जला हुआ कंकाल मिला था, जिसकी पहचान किसान नेता आंचल मिश्रा के रूप में की गई थी और वह पिछले 14 दिनों से लापता थी। पुलिस ने जब जांच पड़ताल शुरु की तो मामले का खुलासा हो गया और पुलिस ने इस मामले में आंचल मिश्रा के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पैसे मांगने और ब्लैकमेल से परेशान होकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
पिछले 5 महीने से था अवैध संबंध
जानकारी के मुताबिक, मृतका का नाम आंचल मिश्रा (25) है, जो कि अपने पति संतोष मिश्रा और दो बच्चों के साथ बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव में रहती थी। वहीं आंचल पेशे से किसान यूनियन अराजनैतिक महिला विंग की जिलाध्यक्ष भी थी। आंचल के घर से 2 किलोमीटर दूर जमुनहा भवनियापुर गांव में रहने वाले सूरज वर्मा का उसके घर में आना जाना था, दोनों के बीच पिछले 5 महीने से अवैध संबंध चल रहा था।
कैसे हुआ खुलासा ?
17 फरवरी को आंचल भिनगा में किसान यूनीयन की बैठक में शामिल होने जाने की बात कहकर निकली थी, जिसके बाद से वो लापता थी। संतोष और सूरज की ओर से उसकी खोजबीन की गई, जब वह कहीं नहीं मिली तो उन्होने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी शिकायत दर्ज कर जांच शुरु की और लास्ट लोकेशन ट्रेस किया, तो आंचल का आखिरी लोकेशन ककरदरी रेंज के जंगल में मिली।
जंगल में मिला जला कंकाल
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो 3 मार्च को आंचल का जला कंकाल बरामद हुआ। वहीं जब पुलिस ने आंचल की कॉल डिटेल्स खंगाली तो आखिरी कॉल सूरज का मिला। ऐसे में पुलिस ने सूरज को लक्ष्मणपुर कोठी से गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
कैसे दिया घटना को अंजाम ?
सूरज ने बताया कि आंचल उससे पैसे की डिमांड करती थी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करती थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की प्लानिंग बनाई और उसे 17 फरवरी को कॉल करके ककरदरी रेंज के जंगल में बुलाया, जहां उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को पत्तों से ढककर आग लगा दी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या पर कौन सी धारा लगती है ?
भारत में हत्या पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को मृत्यूदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।