Dhamtari News: आमाबेड़ा की चिंगारी अब धमतरी पहुंची, धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर तनाव, पुलिस मौके पर...
Dhamtari News: कांकेर जिले के आमाबेड़ा में धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर हुये बवाल के बाद अब धमतरी से भी शव दफनाने को लेकर तनाव की घटना सामने आई। शव को दफनाने को लेकर लोग विरोध कर रहे हैं। मौके पर पुलिस, प्रशासन की टीम मौजूद है।
Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला के आमाबेड़ा में धर्मांतरित महिला के शव दफ़नाने को लेकर जमकर बवाल हुआ था। छत्तीसगढ़ सर्व समाज ने विरोध में 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया था। अभी आमाबेड़ा का विवाद ठंडा ही नहीं हुआ कि धमतरी से भी इसी तरह के विवाद की घटना सामने आई है।
धमतरी जिले में एक महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। विरोध करने वालों ने मृतक महिला पर धर्मांतरण का आरोप लगाया है। इसी विरोध में ग्रामीणों ने शव को दफनाने नहीं दिया। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है और तनाव को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जानिए क्या है विवाद
दरअसल, धमतरी जिले के ग्राम बोराई की एक साहू परिवार की महिला की मौत 24 दिसंबर को हो गई थी। महिला को आज गांव में ही दफनाया जा रहा था। इस बात की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में गांव में भीड़ इकट्ठा हो गई और शव को दफनाने का विरोध करने लगे।
ग्रमीणों के विरोध के चलते महिला के शव को परिजनों ने नगरी लाया, जहां दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच नगरी नगर के निवासी वहां पहुंच गये और शव दफनाने को लेकर विवाद करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि शव दफनाने को लेकर कोई जमीन आवंटित नहीं की गई है।
देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और मौके पर प्रशासन व पुलिस की टीम पहुंची। दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन तनाव बढ़ता गया। फिलहाल पुलिस मौके पर है और तनाव को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।