Balrampur News: CG में तालिबानी सजा, 300 रूपए चोरी के शक में युवक को बेदम पीटा, बाल काटे और कपड़े फाड़े...बचाने आए माता-पिता से भी मारपीट
Balrampur News: छत्तीसगढ़ में चोरी के शक में युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया है। आरोपियों ने मारपीट की घटना के दौरान युवक के कपड़े फाड़े और बाल भी मुंडवाए। इतना ही नहीं बचाने आए युवक के माता-पिता से भी मारपीट भी की गई।
Balrampur News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से एक दिल-दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने तालिबानी सजा दी। सरसों और 300 रूपए कैश की चोरी का आरोप लगाकर युवक को ग्रामीणों के बीच जमकर पीटा गया। इतना ही नहीं बचाने आए उसके माता-पिता से भी मारपीट की गई। घटना को लेकर अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देखने पर आप भी सहम जाएंगे।
जानिए पूरा मामला
दरअसल ये पूरा मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डूमरपानी गांव का है। मारपीट करने वाले आरोपियों ने पीड़ित युवक पर आरोप लगाया कि उसने गांव के एक घर में घुसकर एक छोटी बोरी से सरसों और तीन सौ रूपए नगदी चोरी की थी।
इसी आरोप में युवक को दो लोगों ने पकड़ा और उसकी बेदम पिटाई कर दी। वीडियो में दिख रहा है कि एक आरोपी युवक को पकड़ा हुआ है। वहीं, दूसरा आरोपी उसकी पिटाई कर रहा है। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने युवक के बाल भी कांटे और उसके कपड़े भी फाड़े।
युवक के माता पिता से भी मारपीट
घटना के दौरान युवक के माता पिता अपने बेटे को लेने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, इस घटना के बाद अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर युवक ने चोरी की थी तो ग्रामीणों ने इसकी शिकायत थाने में क्यों नहीं की? आखिर ग्रामीणों को किसने यह अधिकार दे दिया कि वे लोग खुद कानून हाथ में लें? वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले में घटना की जांच कर रही है। साथ ही मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात पुलिस ने की है।