बिहार के सबसे बड़े अस्पताल PMCH में लगी भीषण आग, मरीजों में हड़कंप

PMCH Today Fire News: बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच में आज भीषण आग लग गई। लाखों रुपए के उपकरण और सैकड़ों दस्तावेज जलकर राख हो गए।

Update: 2026-04-03 12:54 GMT

PMCH Fire News: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना के पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के पैथोलॉजी विभाग में आज भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की विभाग का बड़ा हिस्सा कुछ ही देर में आग की चपेट में आ गया। यह विभाग मरीजों की जांच और रिपोर्टिंग का मुख्य केंद्र है।

घटना बाद अस्पताल की नियमित सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका है। अचानक उठे धुएं और आग की लपटों से पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल दिखा।

कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टला

अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते निकासी होने से बड़ा हादसा टल गया। कुछ वार्ड एहतियातन खाली कराए गए। राहत की बात है कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5-6 गाड़ियां पहुंचीं। इनकी टीम ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। दरअसल, गर्मी के चलते राहत कार्य में मुश्किलें आईं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।

लाखों का नुकसान

आग में पैथोलॉजी विभाग के महंगे उपकरण और मशीनें खाक हो गईं। कई जरूरी मेडिकल रिकॉर्ड और दस्तावेज नष्ट हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही। अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News