हेड मास्टर सस्पेंड: दो शिक्षकों की इंक्रीमेंट ब्रेक, दो प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस, नाले के पानी से साफ कराया मिड डे मील का बर्तन
CG Teacher News: नाले के पानी से मिड डे मील का बर्तन साफ कराने के आरोप में डीईओ ने हेड मास्टर को सस्पेंड कर दिया है। दो सहायक शिक्षकों की इंक्रीमेंट रोकने व दो प्राचार्य को शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
इमेज- NPG
सूरजपुर। 14 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के देवीपुर स्थित अंबेडकरपारा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से मिड-डे मील के बर्तनों कोनाले के गंदे पानी में धुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। डीईओ अजय मिश्रा ने स्कूल के हेड मास्टर मारिया गोरेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दो सहायक शिक्षक प्रेमलता पांडे और जीतेश्वरी की वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी है। दो संकुल प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा वीडियो
देवीपुर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय अंबेडकरपारा के स्कूली बच्चों द्वारा नाले के पानी में बर्तन धोने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। यह सब शिक्षकों की मौजूदगी में हो रहा था।
पढ़ाई के बजाय करा रहे मजदूरी
बच्चों को स्कूल में पढ़ाई कराने के बजाय शिक्षक मजदूरी करा रहे हैं। एमडीएम के बड़े-बड़े बर्तनों को साफ कराने के लिए नाले के गंदे पानी का उपयोग किया जा रहा था। गंदे पानी से बर्तन धोने और दूसरे दिन उसी बर्तन से भाेजन बनाने और बच्चों के खाने को लेकर भी सवाल उठ रहा है।