CG: मासूमों की मौत: ट्रैक्टर पर सवार थे बच्चे... हादसे में पलभर में गांव में छा गया मातम

एक ट्रैक्टर हादसे ने गांव की खुशियां छीन ली। ट्रैक्टर पर सवार बच्चे हंसी- खुशी मस्ती करने अपने घर लौट रहे थे कि अचानक एक हादसे ने पलभर में तस्वीर बदल दी।

Update: 2026-03-21 15:39 GMT

बिलासपुर। शनिवार की सुबह मुंगेली जिले में आने वाले और रायपुर रोड पर स्थित सरगांव थाने के भिलोनी के लिए अच्छी नहीं रही। एक दर्दनाक दुर्घटना ने गांव सहित पूरे इलाके के ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि एक ट्रैक्टर बोल्डर खाली करने के लिए ग्राम भिलोनी से ग्राम हिंक्षापुर गया था। गांव में बोल्डर अनलोड कर ट्रैक्टर वापस भिलोनी लौट रहा था तो उस पर चार बच्चे सवार थे। बच्चे आपस में मस्ती करते हुए खुशी- खुशी आ रहे थे। एकाएक गांव के महामाया मंदिर के नजदीक ही ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। चालक उस पर नियंत्रण नहीं पा सका।

इसके बाद ट्रैक्टर सड़क से उतर कर खेत में पलट गया। पलटते ही बच्चे ट्रैक्टर के नीचे ही दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना को देखते ही चीख- पुकार मचा दी। बच्चों के परिजन भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण हरसंभव कोशिश कर ट्रैक्टर को उठाने का प्रयास करते रहे। सूचना पर पुलिस भी तत्काल पहुंच गई। हादसे में तीन बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए थे, एंबुलेंस आने में देर हो रही थी, जिसे देख कर तत्काल ग्रामीणों की मदद से पुलिस वाहन से ही अस्पताल भेजा गया। दुर्भाग्य से इलाज के दौरान दो बच्चों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे जख्मी बच्चे का इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार की तैयारी शुरू कर दी थी। उसी दौरान ग्राम भिलोनी के बच्चों भावेश वर्मा (13 वर्ष) और कान्हा वर्मा (10 वर्ष) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से जख्मी एक और बच्चे वीर वर्मा (14 वर्ष) का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर चालक प्रकाश वर्मा के पैर में चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना में मृतक बच्चे और घायल, सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। दो मौत की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। गांववासी भी शोकमग्न हैं। दोनों बच्चों की माताओं का बुरा हाल है, सदमे में बार- बार बेहोश हो रही हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकता प्पूरी होने के बाद बच्चों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।

Tags:    

Similar News