Durg Crime News: भोले बाबा की बारात में हत्या, मुख्य आरोपी के होटल पर चला बुलडोजर, जानिए पूरा मामला

Durg Crime News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भोले बाबा की बारात के दौरान युवक की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी के होटल को निगम ने ध्वस्त कर दिया गया है। पुलिस ने हत्या के मामले में पूर्व में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

Update: 2026-02-27 09:19 GMT

Durg Crime News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में 16 फरवरी को भोले बाबा की बारात के दौरान बदमाशों ने वहां मौजूद युवक की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर क्षय कुमार गोड उर्फ नानू पर चाकू से हमला कर जान ले ली थी। मामले में दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी मनीष देशमुख सहित सात को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।

दुर्ग पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल बनाया था। निगम ने मामले में कार्रवाई करते हुये आरोपी के होटल को हटाकर अतिक्रमण मुक्त करा दिया है।

जानिए क्या थी घटना

दरअसल, 16 फरवरी की रात साढ़े 9 बजे मोहन नगर क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर बाबा की बारात निकाली गई थी। आयोजन में क्षय कुमार गोड भी पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक क्षय से पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगे।

देखते ही देखते, विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने चाकू से क्षय पर हमला कर दिया। हमले में खून से लथपथ हालत में क्षय जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल को अस्पताल लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने हत्या के आरोपियों की धर-पकड़ शुरू की और सात आरोपियों को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि हत्या का मास्टरमाइंड मनीष देशमुख निवासी मोहन नगर है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी ने शक्ति नगर चौक के पास सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर होटल खोला है।

इस जानकारी के बाद पुलिस ने अवैध कब्जे पर कार्रवाई के संबंध में दुर्ग निगम को पत्र लिखा। निगम ने कार्रवाई करते हुए आज अवैध होटल को ध्वस्त कर दिया गया।

Tags:    

Similar News