सुपारी किलिंग: रिटायर्ड अधिकारी की मौत मामले में सनसनीखेज खुलासा, 3 लाख की सुपारी देकर ऐसे दिया वारदात को अंजाम
CG Crime News: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सुपारी किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन विवाद के चलते एक रिटायर अफसर का आरोपियों ने अपहरण किया और बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या कर लाश को जंगल मे दफना दिया।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।30 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सुपारी किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन विवाद के चलते एक रिटायर अफसर का आरोपियों ने अपहरण किया और बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या कर लाश को जंगल मे दफना दिया।
ग्राम झाफल निवासी रिटायर्ड लेखा अधिकारी के लापता होने के 9 वें दिन पुलिस ने पंडरिया से 17 किलोमीटर दूर देवसरा के जंगल से सड़ी गली अवस्था में लाश बरामद की है। आरोपियों ने जंगल ले जाकर लाश को दफना दिया था। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पढ़िए क्या है मामला
ग्राम झाफल निवासी दामोदर सिंह राजपूत शिक्षा विभाग से लेखा अधिकारी के पद से कुछ महीने पहले रिटायर हुए थे, मुंगेली में किराए के मकान में रह रहे थे। गृहग्राम झाफल में जंवारा का कार्यक्रम था। बड़े भाई बलबीर सिंह के बुलावे पर 21 मार्च को सुबह मुंगेली से गांव जाने के लिए निकले थे, लेकिन वे गांव नहीं पहुंचे। दूसरे दिन परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस बीच ग्राम बंधवा के पास उनका बाइक लावारिस हालत में मिला। परिजनों ने इसकी सूचना लालपुर पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदा इंसान कायम कर खोजबीन शुरू की। मुंगेली एसपी के निर्देश पर अलग-अलग टीम बनाकर लापता रिटार्यड अधिकारी खोजबीन शुरू की।
ऐसे खुला सुपारी किलिंग का रहस्य
तकरीबन 8 दिन बाद 28 मार्च को पुलिस ने संजय यादव सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिसके बाद पूरे मामले की परतें खुलती चली गई। हत्याकांड के पीछे जमीन लेनदेन का मामला सामबे आया है, जिसमें तीन लाख की सुपारी देकर हत्या कराई गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हत्या के पीछे गहरी साजिश?
पुलिस जांच में सामने आया, हत्याकांड के पीछे सुनियोजित साजिश रची गई थी। आरोपी संजय यादव ने कबूल किया, उसे 3 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। इस वारदात में उसके साथ मुन्ना सिंह और एक अन्य साथी भी शामिल था। तीनों ने मिलकर दामोदर सिंह का अपहरण किया और देवसरा के जंगल में गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जमीन में दफना दिया।
इसलिए देवसरा के जंगल मे दफन किया लाश
देवसरा के जंगल मे लाश दफनाने के पीछे की बड़ी वजह ये, मास्टर माइंड संजय यादव की बहन की शादी इसी गांव में हुई है और वह पहले भी कई बार यहां आ चुका था। इलाके की अच्छी जानकारी होने के कारण उसने सुनसान जगह को वारदात के लिए चुना, ताकि किसी को शक न हो।
बेटे ने पहचान की पिता की लाश
आरोपी की निशानदेही पर 29 मार्च को लालपुर एवं पंडरिया पुलिस ने पंडरिया थाना से 17 किलोमीटर दूर देवसरा के जंगल में बधी के पास जमीन में दफन लाश को बरामद किया। लेखा अधिकारी के बेटे, पत्नी व बेटी को बुलाकर लाश की शिनाख्त कराई गई, शव दामोदर सिंह राजपूत पिता स्व. बारेलाल उम्र 62 वर्ष निवासी ग्राम झाफल का निकला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया भेज दिया।
हत्या के पीछे की बड़ी वजह ये
सुपारी किलिंग के पीछे जमीन विवाद को बड़ा कारण माना जा रहा है। सुपारी किलिंग में मृतक के रिश्तेदार के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।