Balod: नहर में साइकिल समेत बह गए किसान का अब तक कोई पता नहीं, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में साइकिल समेत नहर में बह गए किसान का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस किसान को ढूंढने के लिए सर्चिंग ऑपरेशन चला रही है।

Update: 2024-10-18 12:10 GMT

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में साइकिल समेत नहर में बह गए किसान का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस किसान को ढूंढने के लिए सर्चिंग ऑपरेशन चला रही है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम हल्दी का है।

साइकिल से किसान खेत से लौट रहा था घर

दरअसल एक किसान अपनी खेत से साइकिल पर बैठकर घर लौट रहा था। इसी दौरान साइकिल अनियंत्रित हो गई। इस पर किसान साइकिल समेत तांदुला नहर में जा गिरा। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत

जानकारी के मुताबिक, किसान का नाम हरिदास मानिकपुरी (56 वर्ष) है। घटना को लेकर गांव के ही रहने वाले ढालेंद्र सार्वा ने बताया कि किसान नहर में बह रहा था। उसने आवाज भी लगाई कि मैं हरि हूं और नहर में बह रहा हूं, जिसके बाद पूरी घटना की जानकारी मिली। गुरुवार की घटना है। सभी गांव वाले यहां पर उसे ढूंढने के लिए भी आए, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण किसान को तलाश नहीं किया जा सका।

अब तक नहर में बह गए किसान का नहीं चल सका है पता

शुक्रवार 18 अक्टूबर को सुबह होने पर फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक किसान हरिदास मानिकपुरी को ढूंढा नहीं जा सका है। गुंडरदेही थाना प्रभारी लक्ष्मी जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीणों से भी बात की गई। इसके बाद पुलिस ने अंधेरे में भी उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला।

नहर में पानी का बहाव है बहुत तेज

थाना प्रभारी ने बताया कि नहर के पानी का बहाव तेज होने के कारण हमें सफलता नहीं मिली है। आसपास के गावों में मुनादी करा दी गई है। किसान की फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल की गई है, ताकि लोगों को कुछ भी जानकारी मिलती है, तो वे पुलिस तक सूचना पहुंचाएं।

Tags:    

Similar News