इंदौर 8 जनवरी 2020 इंदौर में भारतीय तेज गेंदबाजों ने श्रीलंका की जमकर मेहमान नवाजी की. भारतीय पेस बैटरी ने ऐसा कहर बरपाया की श्रीलंकाई बल्लेबाजों की सारी तकनीक धरी की धरी रह गई और वो भारत के सामने 150 रन का स्कोर तक खड़ा नहीं कर पाए. टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने भारत की जीत की नींव रखी. खुद कप्तान विराट कोहली अपने तेज गेंदबाजों से प्रभावित हैं. इंदौर में भारतीय पेस बैटरी के कमाल के बाद विराट कोहली ने कहा कि उनके पास अगली सीरीज के लिए कई सरप्राइज तैयार हैं.
विराट कोहली ने कहा कि ‘हमें ये देखना होगा कि कौन-से खिलाड़ी एक जैसी गेंदबाजी करते हैं और फिर आप उनमें से सबसे अनुभवी खिलाड़ी चुनते हैं. एक खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए जरुर सरप्राईज पैकेज होगा, जो रफ्तार और बाउंस के साथ गेंद कर सके जैसे कि प्रसिद्ध कृष्णा ने घरेलू क्रिकेट और टी-20 में किया है. क्रिकेट के हर फॉर्मेट में गेंदबाजों का ऐसा ग्रुप होना एक लग्जरी है. विश्व कप को देखते हुए मुझे लगता है कि हमारे पास पर्याप्त विकल्प हैं.’