…जब भूपेश समर्थक विधायकों ने आधी रात दिल्ली में पीएल पुनिया के बंगले पहुंच जगाया और ढाई साल पर अपनी बात रखी, विधायकों का एक और जत्था अभी-अभी हुआ दिल्ली रवाना
रायपुर 27 अगस्त 2021. ढाई-ढाई साल के मुद्दे पर गरम प्रदेश की राजनीति के बीच दिल्ली में हलचल तेज हो गयी है. प्रदेश के 40 के करीब विधायक दिल्ली पहुँच चुके हैं, जबकि अब भी विधायक और मंत्रियों का दिल्ली जाना जारी है. मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल स्पेशल प्लेन से सुबह 11 बजे दिल्ली रवाना हो रहे हैं.
इससे पहले देर रात कांग्रेसी विधायकों ने दिल्ली में आधी रात प्रभारी पी एल पुनिया से मुलाकात की. देर रात दिल्ली पहुंचे 35 विधायक पीएल पुनिया के बंगले पहुंचे, तब तक रात के 12.15 बज चुके थे. प्रभारी पुनिया भी सो चुके थे, उन्हे भी ये एहसास नहीं था कि मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल के समर्थन में इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक इतनी रात में दिल्ली पहुँच जायेंगे. पीएल पुनिया को रात करीब सवा बारह बजे फोन कर विधायकों ने उठाया.
आधी रात में ही प्रभारी पुनिया बाहर आये और विधायकों से बात की, सभी विधायकों ने ढाई ढाई साल के मुद्दे पर प्रभारी पीएल पुनिया से बात की. प्रभारी पुनिया ने सभी विधायकों की बात सुनी और रात ज्यादा होने की वजह से अभी जाने को कहा.
आपको बता दें कि कल ही देर शाम कांग्रेस के 35 विधायक दिल्ली रवाना हुए थे, वही आज सुबह से ही काँग्रेस विधायकों के दिल्ली जाने का सिलसिला जारी है। कैबिनेट मंत्री और करीब 10 विधायक और निगम मंडल के अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो चुके हैं.
कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा, विधायक रेखचंद जैन, विधायक राजमन बेंजाम, विधायक अरुण वोरा, विधायक दलेश्वर साहू, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, कर्मकार मण्डल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल दिल्ली रवाना हुए हैं.रायपुर एयरपोर्ट पर लगातार विधायकों का सिलसिला जारी है।