UP Weather Today : यूपी में फरवरी में ही सताने लगी मार्च वाली गर्मी, नोएडा में आंधी का अलर्ट; जानें आपके शहर का हाल

UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में फरवरी के आखिरी हफ्ते में ही मार्च जैसी तपिश का अहसास होने लगा है, जहां लखनऊ और आगरा समेत कई जिलों में पारा 30 डिग्री के पार जा चुका है, वहीं नोएडा में मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है.

Update: 2026-02-25 02:26 GMT

UP Weather Today : यूपी में फरवरी में ही सताने लगी मार्च वाली गर्मी, नोएडा में आंधी का अलर्ट; जानें आपके शहर का हाल

UP Me Aaj Ka Mausam : लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा हैं. अभी फरवरी का महीना खत्म भी नहीं हुआ है और प्रदेशवासियों को मार्च जैसी चुभने वाली गर्मी का अहसास होने लगा है. सुबह-शाम की हल्की गुलाबी ठंड को छोड़ दें, तो दिन में सूरज के तेवर सख्त हो गए हैं. आलम यह है कि राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार निकल गया है.

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज यानी 25 फरवरी को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. यानी फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन आसमान साफ होने की वजह से सीधी धूप लोगों को परेशान करेगी.

नोएडा में धूल भरी आंधी की चेतावनी

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद के लोगों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. यहां आज और कल तेज रफ्तार हवाएं चलने की संभावना है, जो धूल भरी आंधी का रूप ले सकती हैं. नोएडा में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है. हालांकि, यहां बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन धूल भरी हवाएं जनजीवन को थोड़ा प्रभावित कर सकती हैं.

लखनऊ और कानपुर में चढ़ा पारा

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को ही पारा 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है.आज भी मौसम ऐसा ही रहने वाली है. वहीं, कानपुर और इटावा में दोपहर की गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं. इटावा में आज तापमान 31 डिग्री तक जा सकता है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से धूल तो उड़ेगी, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी.

इन जिलों में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों जैसे सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बरेली में सुबह के वक्त अभी भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर होते-होते यहाँ भी स्वेटर उतारने की नौबत आ जाती है. दूसरी तरफ प्रयागराज, आगरा, वाराणसी और झांसी जैसे जिलों में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है, जहाँ तापमान लगातार 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है.

आगे क्या होगा, 4 मार्च तक का पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में किसी भी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर यूपी पर नहीं है. इस वजह से अगले एक हफ्ते तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जाएगी. अनुमान है कि 4 मार्च तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मार्च की शुरुआत ही भीषण गर्मी के साथ होने के संकेत मिल रहे हैं.

Tags:    

Similar News