मंदिर के अंदर दर्दनाक हादसा: शिव मंदिर का घंटा बजाते ही महिला की मौत, वजह चौंकाने वाला है!
Agra Temple Electrocution: आगरा के इरादतनगर स्थित दारापुरा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा। हाईटेंशन लाइन का करंट मंदिर के घंटे में उतरने से 49 वर्षीय महिला की मौके पर मौत।
Agra Temple Electrocution: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बिजली विभाग की भारी लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हुआ है। इरादतनगर थाना क्षेत्र के दारापुरा गांव के एक मंदिर में पूजा करने गई 49 वर्षीय महिला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मंदिर के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के कारण हुआ जिसका करंट मंदिर के त्रिशूल से होते हुए लोहे के घंटे तक पहुंच गया था।
11 हजार वोल्ट की लाइन से घंटे में उतरा करंट
दारापुरा गांव के स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के ऊपर से 11000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। इसी विद्युत लाइन के संपर्क में आने से मंदिर के शिखर पर लगे त्रिशूल में करंट आ गया। धीरे-धीरे यह करंट त्रिशूल के सरिये से जुड़ी लोहे की जंजीर के रास्ते नीचे लटक रहे घंटे तक फैल गया। इस लापरवाही के कारण पूरा मंदिर परिसर एक खतरनाक जोन बन चुका था जिसकी भनक श्रद्धालुओं को नहीं थी।
पूजा करने पहुंची पुष्पा मौके पर ही बनी शिकार
इस घटना के समय गांव के ही नीरज बाबू की 49 वर्षीय पत्नी पुष्पा मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना के लिए पहुंची थीं। दर्शन के बाद जैसे ही उन्होंने मंदिर का घंटा बजाने के लिए लोहे की जंजीर को पकड़ा वह सीधे हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना जोरदार था कि महिला वहीं चौखट पर अचेत होकर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस हादसे के बाद दारापुरा गांव के ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह खतरनाक विद्युत लाइन काफी लंबे समय से मंदिर के पास से गुजर रही थी और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका पहले से बनी हुई थी। अब गुस्साए ग्रामीणों ने आगरा प्रशासन और ऊर्जा विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की तत्काल जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।