वाहन लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बड़े ही शातिर तरीके से लूट की घटना को देते थे अंजाम….

Update: 2021-08-24 07:01 GMT

कोरिया 24 अगस्त 2021। कोरिया पुलिस ने चार पहिया वाहन लूटने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बड़े ही शातिर तरीके से वाहन की बुकिंग कर ड्रायवर से मारपीट कर वाहन को लूट ले जाते थे। पुलिस ने दोनो आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। घटना मनेन्द्रगढ़ की है।

पीड़ित आर्टिका चालक किशन कुमार की शिकायत के मुताबिक, 14 जुलाई को अकरम नाम का युवक मनेंद्रगढ़ आया और उनसे संपर्क कर शादी के लिए गाड़ी बुक कराई। गाड़ी बुक होने के बाद ड्रायवर किशन के साथ कोतमा में अपने एक अन्य साथी शकील को साथ बिठा लिया। इसके बाद शहडोल के आगे एक ढाबा में रुककर लस्सी ली और उसमे नशे की गोली मिलाकर उसे पिला दी। नशा होने के बाद दोनों आरोपी ने किशन के साथ मरपीट कर शहडोल के पास उसे छोड़कर उसकी गाड़ी और मोबाइल लूट कर फरार हो गये।

इस घटना के बाद पीड़ित ड्रायवर ने इसकी शिकायत कोरिया पुलिस से की। एसपी संतोष सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुये आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि, आरोपी मोहम्मद अकरम रीवा के समरिया अपने रिश्तेदार के यहां आने वाला है। मुखबिर से मिली इस सूचना के बाद आरोपी को समरिया से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई चार पहिया वाहन और सहयोगी मोहम्मद शकील को पकड़ा गया है। दोनों आरोपी ने लूट की घटना को करना कबूल कर लिया है। पुलिस दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर लूट के इस घटना में शामिल अन्य आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी में अकरम पूर्व में ट्रेन में जहरखुरानी के मामले में तीन वर्ष की सजा कटनी जेल में काट चुका है। साथ ही उसके खिलाफ कटनी जीआरपी में 328,379,के तहत मामले भी दर्ज है।

Tags:    

Similar News